1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मप्र में विधायकों को खरीदने-बेचने का खेल अब खत्म होगा, इस बार झाडू चलेगी : केजरीवाल

मप्र में विधायकों को खरीदने-बेचने का खेल अब खत्म होगा, इस बार झाडू चलेगी : केजरीवाल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 14, 2023 11:55 pm IST,  Updated : Mar 14, 2023 11:59 pm IST

भेल के दशहरा मैदान में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश से कुछ लोग मुझसे मिले और बताया कि मध्य प्रदेश में सरकारें बेची और खरीदी जाती हैं। यह बड़ी समस्या है।’’

अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

 भोपाल:  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी एवं विपक्षी दल कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में विधायकों को खरीदने-बेचने का खेल अब खत्म हो जाएगा क्योंकि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में आप की सरकार बनेगी। गौरतलब है कि मार्च 2020 में कांग्रेस के 22 विधायकों के पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल होने से तत्कालीन कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिर गई थी और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में 23 मार्च 2020 को भाजपा की सरकार प्रदेश में बन गई थी। 

सूबे का हर नागरिक अपने आपको बेबस महसूस कर रहा-केजरीवाल

यहां भेल के दशहरा मैदान में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश से कुछ लोग मुझसे मिले और बताया कि मध्य प्रदेश में सरकारें बेची और खरीदी जाती हैं। यह बड़ी समस्या है।’’ उन्होंने कहा कि आज मध्य प्रदेश का हर नागरिक अपने आपको बेबस महसूस कर रहा है। आप के संयोजक ने दल-बदल पर भाजपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव खत्म होते ही एक पार्टी अपनी रेहड़ी लेकर निकलती है कि विधायक ले लो और एक पार्टी उन विधायकों को खरीदने के लिए तैयार बैठी है। इन्होंने पूरी व्यवस्था, संविधान और देश के लोकतंत्र को बाजार बना दिया है। यहां पर खुलेआम विधायक बिकते और खरीदे जाते हैं।’’ 

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का एक-एक नागरिक प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (जनता में मामा के नाम से मशहूर) को हटाना चाहता है। पिछली बार ही हटा दिया था, लेकिन जनता का वश नहीं चलता है। जनता चाहे जिसको वोट दे लेकिन सरकार तो भाजपा की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का एक-एक मतदाता बेबस हो गया है, वह कहां जाए? लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि कैसे इस सरकार को बदले। 

आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश में आ गई है-केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा, ‘‘चाहे कांग्रेस को वोट दें या भाजपा को दें, लेकिन सरकार तो मामा की बनेगी। लेकिन इस बार मध्य प्रदेश में झाड़ू चलेगी और अब इनका खेल खत्म हो गया है। अब मध्य प्रदेश में विधायकों को खरीदने-बेचने का काम खत्म हो गया है। आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश में आ गई है।’’ उन्होंने कहा कि जो लोग मामा (शिवराज सिंह चौहान) को हटाना चाहते हैं, वे सभी लोग झाडू को वोट दें। आज पूरा मध्य प्रदेश बदलाव चाहता है।

ये भी पढ़ें - 

फ्लाइट के बाद अब ट्रेन में भी हुआ कांड, TT ने महिला के ऊपर की पेशाब, पुलिस ने किया गिरफ्तार

देश में नहीं थम कुत्तों का आतंक, तेलंगाना में आवारा कुत्ते के काटने से बच्चे की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।