1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बैतूल में आग से 10 मकान खाक, दर्जन भर मवेशी झुलसे, 5 बाइक भी जली, 200 लोगों ने पाया काबू

बैतूल में आग से 10 मकान खाक, दर्जन भर मवेशी झुलसे, 5 बाइक भी जली, 200 लोगों ने पाया काबू

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 02, 2026 11:21 pm IST,  Updated : May 02, 2026 11:21 pm IST

शाम के समय लगी आग आंधी-तूफान के कारण फैल गई और 10 मकान जलकर खाक हो गए। लगभग एक दर्जन मवेशी भी झुलस गए। लगभग 200 ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया।

Betul fire- India TV Hindi
बैतूल में आग Image Source : REPORTER INPUT

बैतूल जिले में शनिवार शाम को आए आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। भैंसदेही तहसील की ग्राम पंचायत बाशिंदा के बर्राढाना में सायं करीब 6 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आधा घंटे के दौरान दस मकान खाक हो गए। लगभग 2 सैकड़ा ग्रामीणों ने स्थानीय संसाधनों से आग पर काबू पाया। तब तक घरों में रखा अनाज, नकदी, घरेलू सामान, 5 बाइक, खाक हो गई। 

आग के कारण दर्जन भर मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए। आगजनी की जानकारी मिलते ही राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि समाचार लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड घटना स्थल तक नहीं पहुंची थी। 

प्रशासन बना रहा राहत की व्यवस्था 

भैंसदेही एस डी एम अजीत मरावी ने बताया कि भीमपुर ब्लॉक के थाना मोहदा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बाशिंदा के बर्राढाना में आग से लगने की घटना पर कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। आगजनी से प्रभावित ग्रामीणों के राशन सहित अन्य आवश्यक सुविधा के निर्देश दिए गए। साथ ही नुकसानी का आंकलन कर आर बी सी 6 ( 4) के तहत प्रकरण शीघ्र प्रेषित कर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 

Betul Fire
Image Source : REPORTER INPUTबैतूल में आग

तेज हवाओं और सिलेंडर ब्लास्ट होने से फैली आग 

ग्राम पंचायत बाशिंदा के सरपंच धन्नू धुर्वे ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे पूरे इलाके में आंधी-तूफान का दौर शुरू हो गया था। जिससे अनेक पेड़ गिर गए एवं विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। सरपंच के मुताबिक इसी दौरान ग्राम पंचायत के बर्राढाना में एक घर में अचानक आग लग गई। आंधी के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग की चपेट में आने से घरों में रखे लगभग पांच सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। 

10 गृहस्थी हुई खाक 

सरपंच धन्नू धुर्वे ने बताया कि आधे घंटे के दौरान आग ने दस मकानों को चपेट में ले लिया। हालांकि लगभग दो सौ ग्रामीणों ने कुओं, हैंडपंपों से पानी लाकर आग पर काबू करने का प्रयास किया, तब तक 10 मकान सहित मकान में रखा अनाज, घरेलू सामान, नकद राशि, 5 बाइक खाक हो गई। आगजनी से दर्जन भर मवेशी झुलस गए। आगजनी की सूचना मिलते ही राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मैदानी अमला आगजनी पीडि़तों को राहत उपलब्ध कराने एवं आगजनी से हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटा हुआ है। मोहदा थाने से एसआई रामस्वरूप रघुवंशी घटनास्थल पर मौजूद रहे। फिलहाल आग से हुए नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आ सका है। प्रशासन के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

(बैतूल से मयंक भर्गव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

जबलपुर के डैम में बोट कैसे पलटी? क्रूज के कप्तान ने बताई एक-एक बात

चीख-पुकार, सीलबंद लाइफ जैकेट, क्रूज नाव में भरता पानी, जबलपुर नाव दुर्घटना का नया वीडियो आया सामने

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।