1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भोपाल में कैफे पर हमला करने वाले आरोपियों की पुलिस ने बाजार में कराई परेड, कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए

भोपाल में कैफे पर हमला करने वाले आरोपियों की पुलिस ने बाजार में कराई परेड, कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Mangal Yadav
 Published : Nov 20, 2025 07:38 pm IST,  Updated : Nov 20, 2025 08:30 pm IST

भोपाल में कैफे पर हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाजार में सभी आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकाला और कान पकड़वाकर माफी मंगवाई।

मांगी मांगते नजर आए आरोपी- India TV Hindi
मांगी मांगते नजर आए आरोपी Image Source : REPORTER

भोपालः मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कैफे पर हुए हमले के मामले में मिसरोद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बदमाशों का बाजार में जुलूस निकाला, ताकि इलाके में दहशत फैलाने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके। मामला सोमवार देर रात का है, जब मिसरोद स्थित मैजिक स्पॉट कैफे में 20 से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने कपड़ा और गमछा बांधकर तलवार और डंडों से ताबड़तोड़ तोड़फोड़ की थी। 

आरोपी काउंटर, ग्लास, फर्नीचर, डिस्प्ले यूनिट और मशीनों को निशाना बनाते हुए महज दो मिनट में दहशत फैलाकर फरार हो गए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई और फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए।

आपसी रंजिश में की थी तोड़फोड़

पुलिस जांच में पता चला कि यह हमला सेज कॉलेज के दो गुटों के बीच चली आ रही रंजिश का नतीजा था। 16 नवंबर को कटारा हिल्स में हुई मारपीट की घटना का बदला लेने के लिए छात्रों ने कैफे पर हमला करने की योजना बनाई थी।

आरोपियों की बाजार में कराई गई परेड

मिसरोद पुलिस ने फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का जुलूस थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार से निकाला गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 कैफे में मच गई थी अफरा-तफरी 

बता दें कि भोपाल के मिसरोद इलाके में पुरानी रंजिश के कारण तलवारें और लाठियों से लैस लगभग 20 नकाबपोश लोगों के एक समूह ने एक कैफ़े में तोड़फोड़ की थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पंद्रह से बीस नकाबपोश लोग तलवारें और लाठियां लहराते हुए कैफ़े में घुस गए और उसमें तोड़फोड़ की। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कैफ़े में कुछ ही ग्राहक थे, लेकिन वे डर के मारे भाग निकले। उन्होंने बताया कि यह घटना दो मिनट से भी कम समय तक चली और कैफ़े के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई। कैफ़े मालिक सक्षम गिरी ने बाद में मिसरोद थाने में शिकायत दर्ज कराई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।