मध्य प्रदेश में रतलाम जिले के ऐटलेन इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बिहार पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम हादसे का शिकार हो गई। टीम जिस स्कार्पियो वाहन में सवार थी, वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत, 4 घायल
हादसे में मुकुंद मुरारी (सब-इंस्पेक्टर) और विकास कुमार (कांस्टेबल) की जान चली गई। चार अन्य पुलिसकर्मियों को तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन तेज रफ्तार में था और अचानक बैलेंस बिगड़ जाने के कारण पलट गया।

एसपी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे
रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर इलाज की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में कोई कसर न छोड़ी जाए।

गुजरात में एक अपराधी को पकड़ने जा रही थी टीम
जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस की एसओजी की टीम गुजरात के गांधीधाम में एक अपराधी को पकड़ने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो रतलाम के पास आठ लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पलट गया। इस दुर्घटना में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर है और उसे विशेष उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
ये पुलिसकर्मी हुए हैं घायल
रतलाम एसपी अमित कुमार के अनुसार, दुर्घटना के समय वाहन बिहार एसटीएफ अधिकारियों को गुजरात ले जा रहा था। अन्य घायलों को रतलाम मेडिकल अस्पताल लाया गया है। दुर्घटना में घायल हुए कर्मियों में जीवधारी कुमार, मिथिलेश पासवान, रंजन कुमार और संतोष कुमार शामिल हैं। एसपी ने बताया कि बिहार पुलिस मुख्यालय को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। औद्योगिक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।