1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'हमारी बहनें जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर..,' CM मोहन यादव ने बताई स्टार्टअप में महिलाओं की भूमिका, तीन देवियों का भी किया जिक्र

'हमारी बहनें जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर..,' CM मोहन यादव ने बताई स्टार्टअप में महिलाओं की भूमिका, तीन देवियों का भी किया जिक्र

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Oct 26, 2025 04:44 pm IST,  Updated : Oct 26, 2025 04:44 pm IST

एमपी की राजधानी भोपाल में 'मध्यप्रदेश एक्सीलेंस अवार्ड्स 2025' समारोह का आयोजन किया गया। सीएम मोहन यादव इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कई महिलाओं को सम्मानित किया।

CM मोहन यादव ने बताई स्टार्टअप में महिलाओं की भूमिका।- India TV Hindi
CM मोहन यादव ने बताई स्टार्टअप में महिलाओं की भूमिका। Image Source : REPORTER INPUT

भोपाल: 'बहनों ने कई अलग-अलग सेक्टरों में काम किया है। प्रदेश के 47 फीसदी से ज्यादा स्टार्टअप में महिलाओं की अहम भूमिका है। हमारी बहनें जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बन रही हैं। इसलिए हमने रोजगार परक इंडस्ट्री में महिलाओं को हर महीने 5 हजार रुपये देने का फैसला किया। लाड़ली बहनों के लिए विकास के लिए हमारी सरकार संकल्पित है। यहां रुपये का सवाल नहीं है, सवाल बहनों के सम्मान का है। इस योजना की यात्रा एक हजार रुपये से शुरू हुई थी, अब हम हर महीने 1500 रुपये देंगे। जो महिला रोजगार पाने आएगी उसकी भी मदद की जाएगी।' यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 26 अक्टूबर को कही। सीएम डॉ. मोहन यादव भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कंवेंशन सेंटर में आयोजित 'मध्यप्रदेश एक्सीलेंस अवार्ड्स 2025' समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कई महिलाओं और अन्य लोगों को अवॉर्ड प्रदान किए। 

कांग्रेस ने बहनों के लिए नहीं खोले दरवाजे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 62 लाख बहनें 5 लाख से ज्यादा स्व सहायता समूहों के साथ काम कर रही हैं। लखपति बहना योजना के माध्यम से एक लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्त हो रही हैं। कांग्रेस के शासनकाल में बहनों के लिए दरवाजे ही नहीं खोले गए। हमारी सरकार के कार्यकाल में आने वाले भविष्य में 33 फीसदी महिलाएं लोकसभा-विधानसभा में भी प्रवेश करेंगी। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि भोपाल वुमन हब ने ये आयोजन किया। इस समारोह में वे लोग शामिल हैं, जिनमें से किसी को राष्ट्रपति पुरस्कार मिला है, तो कोई पैरा ओलंपिक में बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुका है। 

'मध्यप्रदेश एक्सीलेंस अवार्ड्स 2025' कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम मोहन यादव।
Image Source : REPORTER INPUT'मध्यप्रदेश एक्सीलेंस अवार्ड्स 2025' कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम मोहन यादव।

अद्भुत है हमारी संस्कृति 

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल रियासत की विशेषता है कि यहां बेगमों का शासन रहा है। अंग्रेजों के जमाने में भी रानी दुर्गावती ने मुगलों से युद्ध लड़े। उन्होंने 52 लड़ाइयां लड़ीं। गौंड रानी कमलापति ने भी गौरवशाली अतीत का निर्माण किया। इसी तरह रानी लक्ष्मीबाई पर भी हमें गर्व होता है। उनका नाम तो अपने आप मुंह से निकल आता है। इस दौरान सीएम डॉ. यादव ने गुनगुनाया 'बुंदेले हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी थी, खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी'। उन्होंने कहा अपनी संस्कृति अद्भुत है। इसमें 33 करोड़ देवी-देवता तीन देवियों में समाहित हैं। मां सरस्वती बुद्धि की देवी हैं। उनका आशीष मिल जाता है तो महालक्ष्मी का आशीर्वाद मिल जाता है। दूसरी ओर, जगदंबा मां भवानी-रण चण्डी का भी विशेष महत्व है। मां दुर्गा कभी क्रोध नहीं करतीं, लेकिन जब करती हैं तो सारी ब्रह्मांड एक तरफ और वे एक तरफ। उन्हें शांत करने के लिए तो स्वयं भगवान महादेव को नीचे लेटना पड़ा। 

परंपरा को पुनर्जीवित करती हैं बहनें

प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन ने कहा कि दशहरा भगवान राम की जय और रावण की पराजय के लिए मनाया जाता है। इसके साथ ही दशहरा महिषासुर मर्दिनी के लिए भी मनाया जाता है। महिषासुर की मौत भी दशहरे पर ही हुई थी। अगर बहनों के हाथ में ताकत देते हैं तो वे हमारी प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करती हैं। माताओं-बहनों को नमन करना हमारी संस्कृति है। इसलिए मातृ सत्ता को सर्वोपरि मानकर ग्रहों में भी पृथ्वी को विशेष स्थान दिया गया है। विश्व में 200 से ज्यादा देश हैं, लेकिन एकमात्र देश मातृ सत्ता से जोड़ा जाता है। इसलिए हम बोलते हैं 'भारत माता की जय'। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।