मंदसौर: इस वक्त की बड़ी खबर मध्य प्रदेश के मंदसौर से सामने आ रही है। यहां सीएम डॉ मोहन यादव के हॉट एयर बैलून में आग लग गई है। जानकारी के मुताबिक सीएम मोहन यादव शनिवार सुबह हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के लिए पहुंचे थे। पूरी घटना गांधी सागर फॉरेस्ट मन्दसौर रिट्रीट की बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हॉट एयर बलून में आग लगी हुई देखी जा सकती है। वहीं सीएम मोहन यादव भी इसमें सवार दिख रहे हैं। हालांकि आग बहुत ज्यादा भयानक नहीं थी, जिससे सीएम मोहन यादव को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
पर्यटकों के लिए हैं सभी सुविधाएं
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गांधी सागर फॉरेस्ट रिट्रीट पर कहा, "यहां पर्यटकों को लुभाने के लिए ऐसी बहुत सारी सुविधाओं की शुरुआत की गई है। मैं बीती रात से गांधी सागर के इस पर्यटन ग्राम में हूं। मध्य प्रदेश पर्यटन निगम के माध्यम से अद्भूत स्थान विकसित किया गया है। हमारे मध्य प्रदेश में इस प्रकार के पर्यटन स्थल बिरले हैं, जहां प्राकृतिक सौंदर्य है, वन संपदा भी है। एकदम से ऐसा लगता है कि किसी और देश में हम आए हैं।"
कलेक्टर ने आग लगने की घटना पर दिया बयान
हालांकि इस पूरी घटना पर मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग ने कहा, "सोशल मीडिया हैंडल और अन्य चैनलों पर एक खबर प्रसारित की जा रही है कि हॉट एयर बैलून में आग लग गई। यह पूरी तरह से गलत है। वहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। जो दृश्य दिखाए जा रहे हैं वे आग के हैं जो जानबूझकर गुब्बारे में लगाई जाती है ताकि वह फूल जाए। यह पूरी तरह से सुरक्षित और निगरानी वाली गतिविधि है।"
सीएम ने की क्रूज की सवारी
बता दें कि इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की शाम को गांधीसागर में चम्बल नदी की अद्भुत और मनमोहक छटा का अनुभव करते हुए क्रूज की सवारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गीत भी गुनगुनाए तथा क्रूज में बज रहे गीतों का आनंद लेकर सभी के बीच एक आत्मीय माहौल बना दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नदी की निर्मल धाराओं पर आगे बढ़ते हुए प्रकृति की गोद में कुछ समय बिताया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चम्बल का यह नैसर्गिक सौंदर्य प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देगा। यहां की स्वच्छ जलधारा और प्राकृतिक वातावरण न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि प्रकृति प्रेमियों को भी आत्मिक सुकून प्रदान करेगा।
यह भी पढ़ें-
आइजोल में PM मोदी की हुंकार, बोले- 'मिजोरम के लोगों के लिए आज ऐतिहासिक दिन'
'लव जिहाद' गैंग पर भोपाल में बड़ा एक्शन, आरोपी साद और साहिल के घर पर चला बुलडोजर