1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरमः सीएम मोहन यादव ने दावोस में की मालदीव के मंत्री से मुलाकात, पर्यटन समेत इन चीजों पर बनी सहमति

वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरमः सीएम मोहन यादव ने दावोस में की मालदीव के मंत्री से मुलाकात, पर्यटन समेत इन चीजों पर बनी सहमति

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jan 21, 2026 10:24 pm IST,  Updated : Jan 21, 2026 10:28 pm IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दावोस में मालदीव के आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद से मुलाकात की और कई मुद्दों पर बातचीत की।

मोहन यादव ने दावोस में की मालदीव के मंत्री से मुलाकात- India TV Hindi
मोहन यादव ने दावोस में की मालदीव के मंत्री से मुलाकात Image Source : INDIA TV

भोपाल: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 के अवसर पर दावोस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मालदीव के आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद से वन-टू-वन चर्चा की। बैठक में पर्यटन को साझा आधार बनाते हुए चिकित्सा, शिक्षा, वन्य जीव संरक्षण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार किया गया।

दावोस में आयोजित इस द्विपक्षीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और मालदीव के बीच कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां परस्पर पूरक क्षमताओं के आधार पर दीर्घकालिक साझेदारी विकसित की जा सकती है। उन्होंने विशेष रूप से चिकित्सा पर्यटन, मत्स्य पालन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, वन्य जीव संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों को सहयोग के प्रमुख आयाम बताया।

सीएम मोहन यादव ने कही ये बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की समृद्ध जैव-विविधता, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वन्य जीव अभयारण्य, तेजी से उभरता मेडिकल इन्फ्रॉस्ट्रक्चर और सांस्कृतिक विरासत राज्य को वैश्विक सहयोग के लिए एक सक्षम भागीदार बनाते हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि पर्यटन आधारित सहयोग से निवेश, कौशल विकास और लोगों के बीच संपर्क को मजबूती मिलेगी। 

मालदीव के आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद ने पर्यटन को दोनों क्षेत्रों के बीच स्वाभाविक और सशक्त सेतु बताया। उन्होंने कहा कि मालदीव, मध्यप्रदेश के साथ मिलकर पर्यटन, मानव संसाधन विकास और अनुभव साझा करने के अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है। 

मीटिंग में कई मुद्दों पर सहमति

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी संवाद को संस्थागत रूप देने, प्रतिनिधिमंडल स्तर के दौरों को प्रोत्साहित करने और सहयोग के ठोस रोडमैप पर आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की। दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच पर हुई यह बातचीत अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।