1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'जनता को पसंद नहीं था बंगाल का पीछे रहना', बीजेपी की प्रचंड जीत पर बोले सीएम डॉ. मोहन यादव

'जनता को पसंद नहीं था बंगाल का पीछे रहना', बीजेपी की प्रचंड जीत पर बोले सीएम डॉ. मोहन यादव

 Published : May 04, 2026 09:46 pm IST,  Updated : May 04, 2026 09:48 pm IST

भोपाल में भी पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की बड़ी जीत का जश्न मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पार्टी मुख्यालय पहुंचे और वरिष्ठ नेताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद उठाया। उन्होंने चुनावी सफलता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, महाकाल के आशीर्वाद और देशभक्तों की जीत बताया।

Dr Mohan Yadav- India TV Hindi
भोपाल पार्टी मुख्यालय में BJP नेताओं के साथ सीएम डॉ. मोहन यादव Image Source : REPORTER INPUT

भोपाल: पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ झालमुड़ी का आनंद उठाया। इस अवसर पर वे कांग्रेस सहित विपक्ष पर भी बरसे। उन्होंने विपक्ष की इस हालत के पीछे नारी शक्ति का अपमान, देश को बांटने की राजनीति जैसे कारण बताए। उन्होंने भाजपा की इस जीत को महाकाल का आशीर्वाद और देशभक्तों की विजय बताया।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने तीसरी बार असम में सरकार बनाई है। हमने पिछले पश्चिम बंगाल के चुनाव में आधा रास्ता तय किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वहां प्रचंड जीत प्राप्त की है। इस प्रचंड जीत के साथ जनता ने यह बता दिया कि वह अलगाववादियों-घुसपैठियों के खिलाफ है, जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को पसंद कर रही है। टीएमसी के खिलाफ जनता का आक्रोश फूट पड़ा। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि केरल सहित हर जगह एनडीए की ताकत का बढ़ना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। 

एनडीए अपना रिकॉर्ड तोड़ेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज हमारे सारे नेतृत्व ने आपस में झालमुड़ी का आनंद बांटा है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों लोकसभा में देश की आधी आबादी नारी शक्ति को लेकर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडी गठबंधन ने जिस ढंग से मजाक उड़ाया था, डीएमके ने उत्तर-दक्षिण को बांटने का पाप किया था, सनातन संस्कृति को डेंगू-मच्छर और पता नहीं क्या-क्या बोला था, जनता ने आज हर उस चीज का प्रतिकार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में बीजेपी का 17वां मुख्यमंत्री होगा। इस तरह भाजपा और एनडीए अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ने जा रहा है। पहले एनडीए की 21 सरकारें थीं, अब बंगाल को मिलाकर इनकी संख्या 22 होगी। 

Bhopal, Dr Mohan Yadav
Image Source : REPORTER INPUTसीएम ने पार्टी नेताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया

बंगाल में आएगी विकास की बयार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बंगाल अच्छा प्रांत था। लेकिन, पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी, फिर तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल का नुकसान किया। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में बंगाल का पीछे रहना जनता को पसंद नहीं था। बंगाल में कमल खिला है तो अब विकास की बयार आएगी। मैं अपनी ओर से पूरी पार्टी को बधाई देता हूं। हम सब देश के साथ हैं। देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक नई ऊंचाई की तरफ जा रहा है। इस जनादेश के लिए जनता का आभार। एनडीए की बढ़ती जीत, एनडीए की सफलता को हम भगवान महाकाल का आशीर्वाद मानते हैं। इसे हम घुसपैठियों के खिलाफ देशभक्तों की जीत भी मानते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।