1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1005 नए मामले, मौतों का कुल आंकड़ा 3500 के पार

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1005 नए मामले, मौतों का कुल आंकड़ा 3500 के पार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 22, 2020 09:57 pm IST,  Updated : Dec 22, 2020 09:57 pm IST

संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले इंदौर से सामने आए हैं। सूबे में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 12 और व्यक्तियों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।

Madhya Pradesh Coronavirus Death, Madhya Pradesh Coronavirus, Indore Coronavirus- India TV Hindi
मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,005 नए मामले सामने आए हैं। Image Source : INDIA TV

भोपाल: मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,005 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,33,324 तक पहुंच गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले इंदौर से सामने आए हैं। सूबे में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 12 और व्यक्तियों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। कोविड-19 से हुई इन नई मौतों को मिलाकर इस बीमारी के चलते जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,502 हो गई है।

इंदौर में हुई 4 मरीजों की मौत

मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने मंगलवार को बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर में 4, भोपाल में 2 और खरगोन, होशंगाबाद, मुरैना, हरदा, सीधी एवं गुना में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।’ अधिकारी ने बताया कि राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा मौतें इंदौर में हुई हैं, जहां कुल 844 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने बताया कि दूसरे नंबर पर सूबे की राजधानी भोपाल है, जहां वायरस ने 559 लोगों की जान ली है। अधिकारी ने कहा, ‘संक्रमण से उज्जैन में 101, सागर में 145, जबलपुर में 236 एवं ग्वालियर में 192 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’

भोपाल में मिले 121 नए संक्रमित
अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 347 नए मामले इंदौर जिले में सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल में संक्रमण के 121 नए मामले आए। अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में कुल 2,33,324 संक्रमितों में से अब तक 2,18,828 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 10,994 मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को 1,050 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।