भोपाल: मध्य प्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के एक दिन में सबसे ज्यादा 1672 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 68,586 तक पहुंच गई है। वहीं, राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 30 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की आंकड़ा 1,483 तक पहुंच गया है। गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 259 नए मामले इंदौर से सामने आए हैं।
Related Stories
इंदौर में 4 लोगों की गई जान
मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर 4, भोपाल, विदिशा एवं जबलपुर में 3-3, ग्वालियर, नीमच, सागर एवं गुना में 2-2 तथा रतलाम, शिवपुरी, खंडवा, दतिया, छतरपुर, सतना, छिंदवाड़ा, हरदा एवं मंडला में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 406 मौत इन्दौर में हुई हैं। भोपाल में 296, उज्जैन में 80, सागर में 55, जबलपुर में 88, ग्वालियर में 58, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 23 एवं खरगोन में 28 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’
अब तक 52,215 लोग हुए स्वस्थ
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में गुरुवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 259 नए मामले इंदौर जिले में आये हैं, जबकि भोपाल में 198, ग्वालियर में 246, जबलपुर में 129, उज्जैन में 46, एवं रतलाम में 44 नये मामले आए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 68,586 संक्रमितों में से अब तक 52,215 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 14,888 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को 1091 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 5,689 कंटेनमेंट जोन्स हैं।