1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. सिंगरौली में ग्राहक को लेकर दो पक्षों में विवाद, बाजार में हुई पत्थरबाजी, मची अफरा-तफरी

सिंगरौली में ग्राहक को लेकर दो पक्षों में विवाद, बाजार में हुई पत्थरबाजी, मची अफरा-तफरी

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Aug 09, 2026 11:25 am IST,  Updated : Aug 09, 2026 11:34 am IST

सिंगरौली के देवसर में बाजार में ग्राहक को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

mp news- India TV Hindi
ग्राहक को लेकर दो पक्षों में विवाद। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश की उर्जा राजधानी सिंगरौली जिले के देवसर बाजार में ग्राहक को लेकर ऐसा विवाद शुरू हुआ कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ये विवाद अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। देवसर के बाजार में दो व्यापारियों के बीच एक ग्राहक को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि बाजार रणभूमि में तब्दील हो गया। पत्थरबाजी और मारपीट की इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाजार के बीच हंगामा, लोगों की भीड़ और मारपीट का घटनाक्रम साफ दिखाई दे रहा है। घटना में एक व्यापारी और एक कर्मचारी घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पड़ोसी दुकानदारों में झड़प

देवसर बाजार में दिनदहाड़े उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्राहक को दुकान पर बुलाने की बात को लेकर दो पड़ोसी दुकानदार आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच बहस हुई, फिर कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और देखते ही देखते अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए। सामने आए वीडियो में दो पक्षों को एक-दूसरे पर बड़े-बड़े पत्थर मारते देखा जा सकता है। इस दौरान कई पत्थर बाजार में खरीददारी करने पहुंचे ग्राहकों को भी जा लगे।

पुलिस ने शुरू की जांच

आरोप है कि ग्राहक को लेकर शुरू हुए विवाद के दौरान विजय गुप्ता ने व्यापारी अनिल केशरवानी पर पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में अनिल केशरवानी के सिर में चोट लग गई और वह लहूलुहान हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी उमेश यादव भी इस विवाद की चपेट में आकर घायल हो गए। वहीं कुछ ग्राहक भी इस हमले की चपेट में आ गए, जो डरे-सहमे पत्थर से बचने के लिए एक तरफ खड़े रहे। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाजार के बीच मची अफरा-तफरी, लोगों की भीड़ और विवाद का माहौल साफ नजर आ रहा है।

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं मामले की शिकायत मिलने के बाद जियावन पुलिस ने आरोपी विजय गुप्ता निवासी नौढ़िया आबाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। एक ग्राहक को लेकर शुरू हुआ विवाद जिस तरह हिंसा में बदल गया, उसने बाजार में कानून-व्यवस्था और व्यापारिक सौहार्द पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब वायरल वीडियो इस मामले का सबसे बड़ा गवाह बनकर सामने आया है। पुलिस का दावा है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(सिंगरौली से देवेंद्र पाण्डेय की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः इंदौर से बड़ी खबर, राजा रघुवंशी के 2 बड़े भाई और उनके ढाबे के 3 कर्मचारी गिरफ्तार, कर रहे थे अवैध काम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।