1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर से बड़ी खबर, राजा रघुवंशी के 2 बड़े भाई और उनके ढाबे के 3 कर्मचारी गिरफ्तार, कर रहे थे अवैध काम

इंदौर से बड़ी खबर, राजा रघुवंशी के 2 बड़े भाई और उनके ढाबे के 3 कर्मचारी गिरफ्तार, कर रहे थे अवैध काम

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 08, 2026 11:31 pm IST,  Updated : Aug 08, 2026 11:36 pm IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में राजा रघुवंशी के 2 बड़े भाई और उनके ढाबे के 3 कर्मचारियों को अरेस्ट किया गया है। इसके पीछे की वजह भी सामने आ गई है।

Indore- India TV Hindi
सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी Image Source : INDIA TV

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से हैरान करने वाली खबर है। मेघालय में 2025 में हनीमून के दौरान जिस राजा रघुवंशी की हत्या हुई थी, उसके 2 बड़े भाइयों और उनके ढाबे के तीन कर्मचारियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी संज्ञेय अपराध रोकने के प्रावधानों के तहत हुई है।

बता दें कि राजा रघुवंशी का नाम देशभर में सुर्खियां बना था क्योंकि राजा रघुवंशी की हत्या, उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने हनीमून के दौरान मेघालय में कर दी थी। इस मामले में सोनम, उसके प्रेमी राज कुशवाहा और 3 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। राजा रघुवंशी का मामला सोशल मीडिया पर भी काफी दिनों तक चर्चा में रहा था। इस मामले के सामने आने के बाद कई दिनों तक पति-पत्नी की हत्या वाली खबरों की बाढ़ सी आ गई थी। 

क्या है पूरा मामला?

राजा रघुवंशी के दोनों बड़े भाइयों और ढाबे के 3 कर्मचारियों को ढाबे में ग्राहकों को अवैध तौर पर शराब परोसे जाने के खुलासे के बाद गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) निधि सक्सेना का बयान भी सामने आया है।

पुलिस ने क्या बताया?

एसीपी निधि सक्सेना ने बताया, "राऊ थाना क्षेत्र में राजा रघुवंशी के दो बड़े भाइयों-सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी के ढाबे में ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी, जबकि संचालकों ने इसके लिए कोई लाइसेंस नहीं ले रखा था। दोनों भाइयों के साथ ही उनके ढाबे के तीन कर्मचारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 और अन्य प्रावधानों के तहत संज्ञेय अपराध रोकने के लिए एहतियातन गिरफ्तार किया गया। ढाबे में अवैध तौर पर शराब परोसे जाने को लेकर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। "

एसीपी ने बताया, "ढाबे के कर्मचारियों की जानकारी पुलिस को नहीं देने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (किसी लोक सेवक के जारी आदेश की अवहेलना) के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है।"

हाल ही में ये खबर भी सामने आई थी कि राजा रघुवंशी और सोनम की शादी का कैटरिंग बिल अभी तक बकाया है। अगर 15 दिन में पैसे नहीं दिए तो केस होगा। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- 

राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम ने सरेंडर किया, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उठाया कदम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।