1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम ने सरेंडर किया, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उठाया कदम

राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम ने सरेंडर किया, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उठाया कदम

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jul 30, 2026 06:26 am IST,  Updated : Jul 30, 2026 06:51 am IST

राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम ने सरेंडर कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सोनम ने ये कदम उठाया है। बता दें कि सोनम पर अपने साथियों के साथ मिलकर राजा की हत्या का आरोप लगा है।

Raja Raghuvanshi Murder Case Sonam Surrenders- India TV Hindi
सोनम रघुवंशी ने किया सरेंडर। Image Source : PTI

इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। हत्या की आरोपी और राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी ने सरेंडर कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सोनम ने मेघालय की एक अधीनस्थ कोर्ट के सामने सरेंडर कर दिया। आपको बता दें कि राजा रघुवंशी की हत्या मेघालय में कर दी गई थी। वह शादी के बाद सोनम के साथ हनीमून के लिए मेघालय गया था। आरोप है कि सोनम ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजा की हत्या कर दी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दी थी जमानत

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने बीते 23 जुलाई को दिए एक फैसले में सोनम की जमानत रद्द कर दी थी और उसे सरेंडर करने को कहा था। सोनम को सरेंडर करने के लिए 3 हफ्ते का समय दिया गया था। मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के SP विवेक सियेम ने इस बारे में जानकारी दी है कि मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली सोनम को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इससे पहले मेघालय हाई कोर्ट ने बीते 29 जून को सोनम रघुवंशी को जमानत देने के अधीनस्थ अदालत के आदेश को बरकरार रखा था। कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने सोनम की जमानत को रद्द कर दिया और मेघालय सरकार की याचिका स्वीकार कर ली। सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा है कि अगर केस की सुनवाई आगे नहीं बढ़ती और 6 महीने के भीतर पूरी नहीं होती है तो सोनम नई जमानत याचिका दायर कर सकती है।

क्या है पूरा केस?

जानकारी के लिए बता दें कि सोनम रघुवंशी को जून 2025 में अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सोनम और राजा हनीमून के लिए मेघालय गए थे। हालांकि, राज्य के सोहरा क्षेत्र में दोनों लापता हो गए थे। इसके बाद मेघालय पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था। इसके कुछ दिनों बाद राजा के शव को एक गहरी खाई से बरामद किया गया। पुलिस का आरोप है कि सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर साजिश रची और भाड़े के हत्यारों की मदद से हनीमून के दौरान राजा की हत्या कर दी। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- राजा रघुवंशी मर्डर केस में SC ने आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को दिया अल्टीमेटम, "सरेंडर करो या मेरिट पर फैसला सुनो"

सोनम रघुवंशी को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करने से किया इनकार; पढ़ें सुनवाई के दौरान क्या दलील दी गई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत