1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ChatGPT से बनाया फर्जी नीट का पेपर, छात्रों को धोखा देकर बेचा पेपर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ChatGPT से बनाया फर्जी नीट का पेपर, छात्रों को धोखा देकर बेचा पेपर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 23, 2026 12:39 pm IST,  Updated : Jun 23, 2026 12:39 pm IST

इंदौर पुलिस ने एक जालसाज को गिरफ्तार किया है जिसने कथित तौर पर नीट का पेपर बेचकर छात्रों के साथ ठगी की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही इसका खुलासा सामने आएगा।

Indore- India TV Hindi
इंदौर Image Source : IMAGE SOURCE-SOCIAL MEDIA

इंदौर में एआई से लैस चैटबॉट चैटजीपीटी के जरिये फर्जी प्रश्नपत्र तैयार करके उसे नीट-यूजी का वास्तविक पर्चा बताकर लोगों को ठगने के आरोप में विधि पाठ्यक्रम के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अपराध निरोधक शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय मालवीय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह शहर के कनाड़िया क्षेत्र का निवासी है और विधि के स्नातक पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष का छात्र है।

सोशल मीडिया पर बनाया शिकार 

त्रिपाठी ने बताया, 'आरोपी ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर लोगों को संदेश भेजकर झांसा दिया कि उसके पास नीट का प्रश्नपत्र उपलब्ध है। हालांकि, उसके द्वारा लोगों को उपलब्ध कराए गए प्रश्नपत्र का नीट परीक्षा के वास्तविक प्रश्नपत्र से कोई संबंध नहीं था।' उन्होंने बताया कि मालवीय ने चैटजीपीटी से फर्जी प्रश्नपत्र तैयार किया और उसे नीट का असली प्रश्नपत्र बताकर लोगों को बेचा। डीसीपी ने बताया, 'इस तरीके से आरोपी ने ज्यादातर लोगों से 100 से 200 रुपये तक की रकम वसूली।' त्रिपाठी ने बताया कि अब तक मालवीय द्वारा करीब 25 लोगों से धन लिए जाने के सबूत मिले हैं, हालांकि विस्तृत जांच के दौरान यह संख्या बढ़ सकती है। डीसीपी के मुताबिक, विधि छात्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

21 जून को फिर से हुआ था पेपर

मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच कर रहा है। नीट की पुन:परीक्षा 21 जून को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित हुई थी। बता दें कि नीट पेपर लीक मामला काफी ज्वलंत मुद्दा रहा है और इसको लेकर राजनीति भी खूब गरमाई रही है। प्रदेश से लेकर देश की राजधानी में भी इसको लेकर काफी विवाद देखने को मिला है। विवादों के बीच फिर से हुई परीक्षा को लेकर पुलिस सतर्क रही है और ठगों पर लगातार शिकंजा कस रही है। 

ये भी पढ़ें-इंदौर के प्राइवेट स्कूल की किचन सील, फूड प्वॉइजनिंग से बीमार पड़े 100 से ज्यादा बच्चे, एक्सपायर्ड मिला सामान

कोचिंग संचालक पर पालतू कुत्ते ने किया हमला, शिकायत करने पर मालिक और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसी को पीटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।