मध्यप्रदेश के इंदौर के एक प्राइवेट स्कूल में दो दिन पहले दोपहर का खाना खाने के बाद करीब 110 बच्चे बीमार पड़ गए। मामले के सामने आते ही जिला प्रशासन ने सोमवार को जांच-पड़ताल करने के बाद स्कूल का रसोईघर सील कर दिया। बताया जा रहा है कि स्कूल में भारी संख्या में एक्सपायर्ड सामान मिला है, जिसके बाद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल का किचन सील कर दिया। अधिकारियों ने खुद इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल के किचन की जांच के दौरान कुछ गड़बड़ियों का पता चला था, इसमें फूड आइटम्स की एक्सपायरी डेट की अवधि पूरी होना भी शामिल है।
अभिभावकों की शिकायत पर हुई कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि अभिभावकों ने हाल ही में स्कूल का खाना खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने की शिकायत की थी। अभिभावकों की शिकायत पर प्रशासन ने जांच दल का गठन किया, जिसने बाईपास रोड स्थित शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल के झलारिया परिसर के किचन में रखे फूड आइटम्स की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक स्कूल के किचन में उपयोग की जा रही कई सामग्रियों और तैयार खान के कुल 23 नमूने एकत्र करके लेबोरेटरी भेजे गए हैं।
मसालों और नमकीन के एक्सपायर्ड पैकेट मिले
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान टीम को मसालों के 10 पैकेट और नमकीन के दो ऐसे पैकेट मिले जिनकी एक्सपायरी डेट पूरी हो चुकी थी। जिसके बाद अलग-अलग गड़बड़ियां मिलने पर टीम ने स्कूल के रसोईघर को अगले आदेश तक के लिए सील कर दिया गया है। एसडीएम दीपक चौहान ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत के दौरान बताया कि इस स्कूल में क्लास 1st से लेकर 5th तक के बच्चों ने शनिवार, 20 जून को स्कूल में बच्चों को नियमित रूप से परोसा जाने वाला लंच किया था, जिसके बाद कई बच्चे बीमार पड़ गए।
100 से ज्यादा बच्चे पड़े बीमार
एसडीएम दीपक चौहान ने बताया, 'करीब 110 बच्चों को स्कूल का लंच करने के बाद शनिवार शाम से पेट दर्द और उल्टी की शिकायतें शुरू हुईं और अगले दिन ये संख्या बढ़ गई। और भी बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के मामले सामने आए। बच्चों के माता-पिता से बातचीत के दौरान पता चला कि कई बच्चों की सेहत खराब होने के बाद डॉक्टर को दिखाया गया है। बच्चों में अब तक उल्टी और पेट दर्द के लक्षण सामने आए हैं। फिलहाल किसी बच्चे को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है। किचन से जो सेंपल एकत्र किए गए हैं, उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही अब कोई और कदम उठाया जाएगा।'
ये भी पढ़ेंः कोचिंग संचालक पर पालतू कुत्ते ने किया हमला, शिकायत करने पर मालिक और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसी को पीटा