पन्ना के धरमपुर थाना क्षेत्र में टमाटर के दाम और बढ़ती महंगाई को लेकर शुरू हुई बहस ने एक खूनी रूप ले लिया। महज 30 रुपये के अंतर पर शुरू हुआ यह मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि एक युवक लहूलुहान होकर अस्पताल पहुंच गया। यह चौंकाने वाली घटना ग्राम छतैनी की है, जहां निर्धारित भाव से अधिक दाम पर टमाटर बेचने का विरोध करने पर एक 30 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
30 रुपये के अंतर पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छतैनी के रहने वाले 30 वर्षीय हेतराम कोरी ने स्थानीय सब्जी विक्रेता प्रहलाद कोरी से टमाटर का दाम पूछा। विक्रेता प्रहलाद ने टमाटर की कीमत ₹80 प्रति किलो बताई। इस पर हेतराम ने आपत्ति जताते हुए कहा कि बाजार में तो टमाटर ₹50 प्रति किलो के भाव से मिल रहा है, फिर वह इतने महंगे क्यों बेच रहा है? इतनी सी बात सुनते ही सब्जी विक्रेता प्रहलाद बुरी तरह भड़क गया। उसने आव देखा न ताव, ग्राहक हेतराम की 'औकात' को लेकर ताने मारने शुरू कर दिए। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो गाली-गलौज तक जा पहुंची।
लाठी-डंडों से घर पर बोला धावा, फोड़ा सिर
विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। सब्जी विक्रेता प्रहलाद ने इस बहस को अपनी निजी दुश्मनी बना लिया। उसने तुरंत अपने रिश्तेदारों रामबाबू, राजा, रामकरण और मुन्नी कोरी को बुला लिया। ये सभी लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित हेतराम के घर पर पहुंच गए और पूरे परिवार पर धावा बोल दिया। इस हिंसक हमले में आरोपियों ने हेतराम के सिर पर डंडे से जोरदार प्रहार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। जब हेतराम के परिजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस-केस
लहूलुहान हालत में पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही धरमपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई। पुलिस ने पीड़ित हेतराम की शिकायत पर मुख्य आरोपी प्रहलाद कोरी समेत पांचों हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं 296(a), 115(2), 118(1), 351(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ से सब्जी विक्रेता पक्ष की ओर से की गई शिकायत पर भी पुलिस ने क्रॉस-केस दर्ज किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से विवेचना कर रही है।
रिपोर्ट- अमित सिंह राठौर