1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कोचिंग संचालक पर पालतू कुत्ते ने किया हमला, शिकायत करने पर मालिक और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसी को पीटा

कोचिंग संचालक पर पालतू कुत्ते ने किया हमला, शिकायत करने पर मालिक और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसी को पीटा

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 22, 2026 11:04 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 11:11 pm IST

ग्वालियर में पालतू कुत्तों द्वारा किए गए हमले की शिकायत करने पर कुत्ते के मालिक और कर्मचारियों ने एक कोचिंग संचालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने कुत्ते के मालिक और कर्मचारियों पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

GWALIOR DOG ATTACK FIGHT- India TV Hindi
कुत्तों के हमले के बाद कोचिंग संचालक की पिटाई। Image Source : REPORTER

भारत के विभिन्न राज्यों से लगातार कुत्तों के हमले की खबरें सामने आ रही हैं। कई बार कुत्तों के कारण लोगों के बीच लड़ाई भी देखने को मिलती है। इस बीच अब मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले में एक कोचिंग संचालक पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया।जब उसने हमले की शिकायत की तो कुत्ते के मालिक और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने कोचिंग संचालक की ही जमकर पिटाई कर दी। पिटाई की घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर शहर के इंदरगंज थाना इलाके में एक पेट्रोल पंप के संचालक की गुंडागर्दी देखने को मिली। बताया गया है कि सूरी पेट्रोल पंप पर कोचिंग संचालक संदीप कुशवाह डीजल लेने पहुंचे थे। तभी वह पेट्रोल पंप पर वॉशरूम के लिए गए तो पेट्रोल पंप मालिक के पालतू कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। जब इसकी शिकायत पेट्रोल पंप के मालिक से की गई तो पेट्रोल पंप मालिक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर संदीप कुशवाहा की मारपीट कर दी।

पेट्रोल पंप का मालिक मौके से फरार 

इस घटना के बाद पीड़ित ने इंदरगंज थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की। पुलिस ने पूरे मामले में सूरी पेट्रोल पंप के मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायल संदीप कुशवाहा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है। पेट्रोल पंप का मालिक मौके से फरार है उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने क्या बताया?

इस घटना को लेकर इंदरगंज पुलिस स्टेशन की थाना प्रभारी दीप्ति तोमर ने बताया- "एक फरियादी हमारे पास आए और उन्होंने बताया है कि सूरी पेट्रोल पंप पर जब वह अपनी गाड़ी में डीजल भरवाने गए तो वह वहां पर बाथरूम गए थे। यहां पर बाथरूम के पास कुत्ते बंधे हुए थे जिन्होंने उन्हें काट लिया। जब वह इस घटना की शिकायत पेट्रोल पंप के मालिक से करने गए तो इस बात पर मालिक ने फरियादी के साथ झगड़ा किया और उनके साथ मारपीट की। इस शिकायत के आधार पर हमने FIR दर्ज की है और मामले की विवेचना की जा रही है।" (रिपोर्ट: भूपेन्द्र भदौरिया)

ये भी पढ़ें- ₹30 के फेर में लहूलुहान हुआ युवक, पन्ना में महंगे टमाटर बेचने का विरोध करने पर घर में घुसकर जानलेवा हमला

हॉरर हाउस की कहानी, एक ही घर से दो दिन में मिलीं तीन सड़ी-गली लाशें, गुना में फैली सनसनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।