1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: 'गरीब की लुगाई पूरे गांव की भौजाई', स्लोगन की तख्ती लिए पुलिस के सामने रोते हुए पहुंचा युवक, जानें मामला

VIDEO: 'गरीब की लुगाई पूरे गांव की भौजाई', स्लोगन की तख्ती लिए पुलिस के सामने रोते हुए पहुंचा युवक, जानें मामला

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Mar 11, 2025 06:53 pm IST,  Updated : Mar 11, 2025 07:00 pm IST

हाथ में सफेद रंग की तख्ती लिए युवक पुलिस अधिकारियों के सामने रो रहा था। इस तख्ती में 'गरीब की लुगाई पूरे गांव की भौजाई' लिखा हुआ था। पुलिस के सामने युवक ने अपनी पीड़ा बताई है।

स्लोगन लेगा थाने पहुंचा युवक- India TV Hindi
स्लोगन लेगा थाने पहुंचा युवक Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। ग्वालियर पुलीस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचे एक रोते हुए युवक के हाथ में तख्ती देख कर हर कोई हैरान रह गया। सफेद रंग की इस तख्ती पर एक स्लोगन लिखा था। इसे पढ़ कर हर कोई कोई चकित था। हैरानी से उस युवक को लोग देख रहे थे। युवक के हाथ में जो तख्ती थी, उसमें 'गरीब की लुगाई पूरे गांव की भौजाई' स्लोगन लिखा हुआ था। 

पुलिस अधिकारियों को सुनाई अपनी पीड़ा

कुछ लोग इस स्लोगन को पढ़ हंसी नहीं रोक पाए। वहीं, कुछ लोग हैरानी में पड़ गए। ये युवक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मौजूद अधिकारियों के पास भी पहुंचा। उसने अपने पीड़ा को रोते हुए अधिकारियों के सामने व्यक्त की। इसके बाद अधिकारियों ने युवक की पीड़ा सुनकर तत्काल संबंधित थाने को निर्देश देकर हुए कार्रवाई की बात कही। पुलिस के अधिकारियों ने युवक को भरोसा भी दिलवाया।

दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट

दरअसल, ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक दीपक कुशवाहा ने अपने घर में घुसकर मारपीट करने वाले दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बहोड़ापुर थाने में आवेदन दिया था। जहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद आरोपी लोग उसके घर पहुंचे और घर में मौजूद मां बेटी और पत्नी से गाली गलौज की। 

पुलिस ने दंबंगों के खिलाफ नहीं की कार्रवाई

पीड़ित युवक दीपक कुशवाहा ने बताया कि 9 मार्च को उसके घर में संदीप, अर्जुन परिहार सहित चार लोग घुसे थे। इन सभी लोगों ने घर में घुसकर मुझे और घर की महिलाओं के साथ गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। जब इस घटना की शिकायत बहोड़ापुर थाने की तो उसकी सुनवाई नहीं हुई। युवक लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है। पुलिस सिर्फ आश्वासन देकर उसको कार्रवाई के नाम पर टालमटोल कर रही है।

परिवार को अभी भी परेशान कर रहे दंबग आरोपी

दंबग आरोपी अभी भी उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। आए दिन उसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हैं। इसी बात को लेकर युवक काफी परेशान है। इसके चलते उसने तख्ती पर स्लोगन लिख पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मौजूद अधिकारियों के समक्ष पहुंच कार्रवाई के लिए गुहार लगाई है। 

स्लोगन लिए दर-दर भटक रहा पीड़ित युवक

युवक का कहना है कि जो स्लोगन 'गरीब की लुगाई पूरे गांव की भौजाई' लिखा है। इसका मतलब है कि गरीब की कोई सुनवाई नहीं करता है। यही कारण है कि गरीब दर-दर भटकता रहता है। वहीं, युवक के इस पूरी घटनाक्रम से अधिकारियों ने थाना प्रभारी को जांचकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।