1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Video: 9 साल तक पैसे ऐंठती रही गर्लफ्रेंड, फिर शादी से किया इंकार, परेशान प्रेमी ने उसके घर के सामने खुद को लगाई आग

Video: 9 साल तक पैसे ऐंठती रही गर्लफ्रेंड, फिर शादी से किया इंकार, परेशान प्रेमी ने उसके घर के सामने खुद को लगाई आग

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 15, 2025 02:49 pm IST,  Updated : Jun 15, 2025 02:49 pm IST

प्रेमी अजय कुशवाह ने अपनी प्रेमिका पर नौ साल तक पैसे ऐंठने और बाद में शादी करने से मना करने का आरोप लगाया है। आग लगने से उसका शरीर 75 फीसदी तक जल चुका है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Ajay- India TV Hindi
अजय अपनी प्रेमिका के साथ (बाएं), अस्पताल में भर्ती अजय (दाएं) Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवक ने प्यार में धोखा मिलने पर खुद को प्रेमिका के घर के सामने आग के हवाले कर लिया। युवक ने पेट्रोल जैसा कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगाई थी। इस वजह से उसका शरीर 75 फीसदी तक जल गया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक रात के समय जलता हुआ दिखाई दे रहा है। 

खुद को आग के हवाले करने से पहले प्रेमी ने ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर डाला था। इसका कुछ हिस्सा सड़क पर भी गिर गया था। ऐसे में जब उसने खुद को आग लगाई तो सड़क में भी आग लग गई। इस वजह से वीडियो में सड़क पर भी आग देखी जा सकती है।

प्रेमी की हालत चिंताजनक

घटना माधौगंज थाना क्षेत्र के प्रीतम विहार कॉलोनी की है। यहां अजय कुशवाह नाम के युवक ने प्रेमिका से लड़ाई होने के बाद खुद को आग के हवाले कर लिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि वह लगभग 75 प्रतिशत तक जल चुका है और फिलहाल उसे ग्वालियर के एक अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। 

चश्मदीदों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय देर रात प्रेमिका के घर के बाहर पहुंचा था। कुछ देर बाद अचानक युवक ने अपने पास मौजूद किसी ज्वलनशील पदार्थ को खुद पर उड़ेल लिया और माचिस से आग लगा ली। यह देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाकर युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि, अजय और उसकी प्रेमिका के बीच बीते कुछ दिनों से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी, जिसके बाद अजय ने यह आत्मघाती कदम उठाया। 

पुलिस का बयान

पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पीड़ित युवक के बयान दर्ज करने की कोशिश की जा रही है। युवक की हालात गंभीर है इस वजह से उससे ज्यादा पूछताछ नहीं हो पाई। माधौगंज थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक के पास ज्वलनशील पदार्थ आया कहां से। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

(ग्वालियर से भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।