1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ‘पापा ने पहले मम्मी को मारा, फिर दीदी को’, कनाड़िया डबल मर्डर का चश्मदीद बना 8 साल का मासूम, बताई खौफनाक रात की कहानी

‘पापा ने पहले मम्मी को मारा, फिर दीदी को’, कनाड़िया डबल मर्डर का चश्मदीद बना 8 साल का मासूम, बताई खौफनाक रात की कहानी

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Aug 19, 2026 11:14 am IST,  Updated : Aug 19, 2026 11:14 am IST

इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में हुए एक दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस हत्याकांड का चश्मदीद 8 साल का मासूम बना है, जिसने बताया कि कैसे घर में विवाद के बाद पिता ने पहले मां और फिर बहन को मौत के घाट उतार दिया।

mp news- India TV Hindi
मां-बहन की हत्या के बाद अकेला बड़ा 8 साल का मासूम। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र के झलारिया गांव में हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घरेलू विवाद के बाद आरोपी पिता सुनील चौहान पर अपनी पत्नी अनीता की हत्या करने और दोनों बच्चों को तालाब में फेंकने का आरोप है। इस घटना में जहां सुनील चौहान की पत्नी अनीता और उसकी 11 वर्षीय बेटी माही की मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बेटा अजय किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। दोहरे हत्याकांड के 8 साल के चश्मदीद ने उस खौफनाक रात की कहानी बताते हुए दोहरे हत्याकांड की पूरी पोल खोल दी। मासूम ने बताया कैसे उसके पिता ने विवाद के बाद पहले उसकी मां की हत्या कर दी और फिर उसकी बहन को भी मौत के घाट उतार दिया।

8 साल के मासूम ने बताई खौफनाक रात की कहानी

घटना के बाद सामने आया अजय का वीडियो इस पूरे मामले का सबसे दर्दनाक पहलू है। मासूम ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने पहले उसकी मां को मारा और फिर उसकी बहन को भी तालाब में फेंक दिया। अजय के पिता ने बेटी के साथ-साथ उसे भी तालाब में फेंका गया था, लेकिन उसने खुद को बचाने के लिए मरने का नाटक किया और झाड़ियों को पकड़ लिया। इसके बाद वह किसी तरह तालाब से बाहर निकला और झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई। बाद में उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

रात भर चला सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण तालाब में सर्चिंग में परेशानी आई, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने महिला और बच्ची के शव बरामद किए। जोन-2 के एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनीता के मोबाइल पर अन्य लोगों से बातचीत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाली शाम भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि सुनील पत्नी और बच्चों को तालाब के पास ले गया, जहां उसने अनीता की साड़ी के पल्लू से गला घोंटकर हत्या की और उस पर चाकू से भी वार किए। इसके बाद बच्चों को तालाब में फेंक दिया।

पुलिस की हिरासत में आरोपी

पुलिस ने आरोपी सुनील चौहान को हिरासत में लेकर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और हत्या की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। वहीं, मां और बहन को खो चुके मासूम अजय का बयान इस वारदात की भयावहता को सामने ला रहा है। बच्चे ने जिस तरह अपनी जिंदगी की सबसे खौफनाक रात की कहानी बयां की उससे उसके अंदर बस चुका डर और सदमा साफ नजर आता है।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः SP ऑफिस की चौखट पर पूर्व कांग्रेस नेता ने जहर खाकर दी जान, जेब में रखे सुसाइड नोट में मिले 9 सूदखोरों के नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।