1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. खरगोन: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में महिला प्राचार्य और लाइब्रेरियन के बीच जमकर मारपीट, Video वायरल

खरगोन: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में महिला प्राचार्य और लाइब्रेरियन के बीच जमकर मारपीट, Video वायरल

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 04, 2025 09:10 pm IST,  Updated : May 04, 2025 09:10 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला प्रिंसिपल और लाइब्रेरियन एक दूसरे के साथ मारपीट कर रही हैं। स्कूल के अन्य कर्मचारी वीडियो बना रहे हैं। बाद में एक महिला दोनों को अलग करती है।

Khargone- India TV Hindi
खरगोन में प्रिंसिपल और लाइब्रेरियन के बीच मारपीट Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के खरगोन में एक महिला प्राचार्य और महिला लाइब्रेरियन के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों महिलाएं स्कूल परिसर के अंदर मारपीट करती नजर आ रही हैं। दोनों ने एक-दूसरे के ऊपर आरोप भी लगाए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद प्राचार्य और लाइब्रेरियन को उनके पद से हटा दिया गया है। प्राचार्य और लाइब्रेरियन ने मेनगांव थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है।

महिला प्राचार्य और लाइब्रेरियन ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारे और प्राचार्य ने लाइब्रेरियन की चोटी पकड़कर दीवार पर पटक दिया। उन्होंने वीडियो बना रही लाइब्रेरियन का मोबाइल भी तोड़ दिया। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना शुक्रवार (2 मई) की है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

कलेक्टर ने दोनों को पद से हटाया

महिला प्राचार्य और लाइब्रेरियन के बीच मारपीट का विडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर के आदेश पर सहायक आयुक्त ने प्राचार्य और शिक्षिका लाइब्रेरियन को उनके पद से हटा दिया है। महिला प्राचार्य प्रवीण दाहिया और शिक्षिका (लाइब्रेरियन) मधुरानी ने अलग-अलग समय पर मेनगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला मेनगांव थाना क्षेत्र के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का है।

प्राचार्य पर लगे आरोप

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि स्कूल के अन्य कर्मचारी प्राचार्य पर आरोप लगा रहे हैं। प्राचार्य भी वीडियो बनाते समय लाइब्रेरियन पर काम न करने का आरोप लगाती हैं, लेकिन बाद में उन्हें गुस्सा आ जाता है और वह लाइब्रेरियन को थप्पड़ मार देती हैं। इसके साथ ही उनका फोन भी तोड़ देती हैं। इस दौरान वह किसी अन्य कर्मचारी का भी नाम लेती हैं तो वह कर्मचारी अपना नाम लेने पर आपत्ति जताता है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल मारपीट करने वाली दोनों कर्मचारियों को हटा दिया गया है।

(खरगोन से अजय तिवारी की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।