1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी मामले में बढ़ी IAS संतोष वर्मा की मुश्किलें, अदालत में अर्जी दायर

ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी मामले में बढ़ी IAS संतोष वर्मा की मुश्किलें, अदालत में अर्जी दायर

 Published : Dec 01, 2025 06:25 pm IST,  Updated : Dec 01, 2025 06:39 pm IST

ब्राह्मण समुदाय पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में मध्य प्रदेश के आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के खिलाफ अदालत में अर्जी दायर की गई है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

IAS Santosh verma Brhamin community- India TV Hindi
IAS संतोष वर्मा के खिलाफ कोर्ट में अर्जी। Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश में IAS संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मणों पर विवादित बयान देने के मामले में हंगामा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) के नवनियुक्त अध्यक्ष संतोष वर्मा ने हाल ही में ब्राह्मण समुदाय को लेकर विवादित बयान दिया था। इसे लेकर सरकार ने भी उन्हें नोटिस जारी किया था। वहीं, अब ये मामला कोर्ट में भी चला गया है। 66 वर्षीय वकील शैलेंद्र द्विवेदी ने इंदौर की जिला अदालत में IAS संतोष वर्मा के खिलाफ अर्जी दायर की है। इस अर्जी में संतोष वर्मा पर ब्राह्मण समुदाय पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।

क्या बोले थे IAS संतोष वर्मा?

IAS संतोष वर्मा ने बीते 23 नवम्बर की तारीख को भोपाल के अंबेडकर मैदान में अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था- “एक परिवार में एक व्यक्ति को आरक्षण तब तक मिलता रहना चाहिए, जब तक मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान में न दे, या उससे संबंध न बन जाए।” उनके इस बयान के बाद काफी हंगामा हुआ जिसके बाद मध्य प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने IAS संतोष वर्मा को नोटिस जारी कर के सफाई मांगी थी। संतोष वर्मा से पूछा गया था कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए? 

4 दिसंबर की तारीख तय

वकील शैलेंद्र द्विवेदी ने प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में IAS संतोष वर्मा के खिलाफ अर्जी दायर की है। वकील ने कहा- "मैं ब्राह्मण समुदाय से हूं और अपने समुदाय को लेकर वर्मा के आपत्तिजनक बयान से बहुत आहत हूं। मैंने अदालत से अनुरोध किया है कि वह पुलिस को IAS संतोष वर्मा के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज करने और इसकी जांच रिपोर्ट पेश करने का आदेश का दे।"

वकील शैलेंद्र द्विवेदी की ओर से दायर की गई अर्जी में आरोप लगाया गया है कि IAS संतोष वर्मा ने एक कार्यक्रम में ब्राह्मण समुदाय की बेटियों के बारे में बेहूदा, अश्लील, घटिया और निम्न स्तर की टिप्पणी की थी। कोर्ट में दी गई अर्जी में आरोप लगाया गया है कि उनके इस बयान से सामाजिक समरसता को ठेस पहुंची है और दो समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा हुआ है। वकील ने बताया है कि इस मामले दायर अर्जी पर उनकी दलीलों को सुनने के लिए कोर्ट ने 4 दिसंबर की तारीख तय की है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- 'जब तक कोई ब्राह्मण अपनी बेटी...', आरक्षण को लेकर IAS अधिकारी के बयान पर मचा बवाल, CM से कार्रवाई की मांग

ब्राह्मणों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले IAS संतोष वर्मा की मुश्किलें बढ़ीं, सरकार ने दिया नोटिस

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।