मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव में शादी के बाद दुल्हन ने पूरे परिवार को पकौड़ी खिलाकर बेहोश कर दिया और जेवर-नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित युवक की शादी एक महीने पहले ही हुई थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस अब लुटेरी दुल्हन को तलाश कर रही है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नांदवेल में शादी के बाद एक दुल्हन लुटेरी निकल गई। लुटेरी दुल्हन ने पूरे परिवार के लोगों को पकौड़ियों में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया और फिर घर का कीमती सामान और जेवरात लेकर फरार हो गई।
करीब एक महीने पहले ही दूल्हे के पक्ष के लोग यूपी के बनारस से 2.5 लाख रुपए चुकाकर दुल्हन को लाए थे। 20 दिन तक दुल्हन घर परिवार में बहू बनकर रही और मंगलवार रात उसने पूरे परिवार के लिए भजिए बनाए। लुटेरी दुल्हन ने भजिए में जहर मिलाकर सभी को बेहोश कर दिया और घर परिवार का तमाम कीमती सामान और जेवरात लेकर चंपत हो गई।
9 लोग गंभीर रूप से पीड़ित
दुल्हन द्वारा नशीला पदार्थ खिलाए जाने से परिवार के 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और जिला अस्पताल में इनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद भावगढ़ थाना पुलिस ने अब लुटेरी दुल्हन और शादी करने वाले दलाल की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि लुटेरी दुल्हन का ये मामला पहली बार सामने नहीं आया है। इससे पहले भी देश के अलग-अलग हिस्सों से इस तरह के मामले सामने आए हैं, जिसमें दुल्हन ने चकमा देकर दूल्हे पक्ष को लूटा और कीमती चीजें लेकर चंपत हो गई। इस तरह की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए शादी करने वाले परिवार को लड़की के बैकग्राउंड के बारे में अच्छी तरह से जानकारी कर लेनी चाहिए क्योंकि घटना के बाद पछताने के अलावा कोई और विकल्प नहीं होता। (इनपुट: अशोक परमार)