1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश सरकार ने बढ़ाई लाडली बहना योजना की मासिक राशि, अब मिलेंगे इतने रुपये

मध्य प्रदेश सरकार ने बढ़ाई लाडली बहना योजना की मासिक राशि, अब मिलेंगे इतने रुपये

 Published : Nov 11, 2025 10:45 am IST,  Updated : Nov 11, 2025 11:03 am IST

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने लाडली बहना योजना के तहत मासिक राशि को बढ़ा दिया है। आइए जानते हैं कि लाभार्थियों को अब कितने रुपये मिलेंगे।

madhya pradesh Ladli Behna Yojana- India TV Hindi
लाडली बहना योजना। Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में जारी लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता की राशि को बढ़ा दिया है। सीएम मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार को ये फैसला किया है। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से अब लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता को 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने को मंजूरी दे दी गई है। सरकार के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि योजना के तहत करीब 1.26 करोड़ से ज्यादा महिला लाभार्थियों को इस महीने से बढ़ी हुई राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।

कितना आएगा कुल खर्चा?

एक सरकारी अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने के बाद राज्य सरकार पर 1793.75 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। इसके साथ ही साल 2025-2026 में लाडली बहना योजना के लिए कुल अनुमानित व्यय बढ़कर 20,450.99 करोड़ रुपये हो गया है।

सीएम मोहन ने किया था ऐलान

सरकार की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि "मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रिमंडल ने लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने को मंजूरी दी।" आपको बता दें कि इससे पहले सीएम मोहन यादव ने 12 अक्तूबर 2025 को मध्य प्रदेश के श्योपुर में एक समारोह के दौरान जानकारी दी थी कि आगामी भाई दूज और दिवाली त्योहार महिलाओं के लिए अच्छी खबर लेकर आएंगे क्योंकि लाडली बहना योजना के तहत सहायता में वृद्धि की जाएगी।

कब शुरू हुई थी लाडली बहना योजना?

आपको बता दें कि लाडली बहना योजना की शुरुआत मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से 10 जून, 2023 को की गई थी। तब इस योजना के तहत सहायता राशि 1000 रुपये की थी। सरकार ने सितंबर 2023 में ही इसे संशोधित कर 1,250 रुपये कर दिया था। इस योजना को मध्य प्रदेश में भाजपा के लिए चुनावी बाजी पलटने वाला माना जाता है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।