1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंसानियत शर्मसार: एंबुलेंस नहीं मिलने पर मां का शव चारपाई पर रख 5KM पैदल चली बेटी, VIDEO वायरल

इंसानियत शर्मसार: एंबुलेंस नहीं मिलने पर मां का शव चारपाई पर रख 5KM पैदल चली बेटी, VIDEO वायरल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 30, 2022 06:04 pm IST,  Updated : Mar 30, 2022 06:04 pm IST

घटना रीवा जिला मुख्यालय से महज 20 किलोमीटर दूर मंगलवार को हुई और शव को कंधे में रखकर ले जाते हुए इन महिलाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जो चार महिलाएं कंधे पर रख कर इस चारपाई को ले जा रही थीं, उनमें से एक महिला इस मृतक की बेटी है, जबकि तीन अन्य रिश्तेदार हैं।

Women carry kin's body- India TV Hindi
Women carry kin's body Image Source : SOCIAL MEDIA

रीवा (मप्र): मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रायपुर कर्चुलियान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शव-वाहन न मिलने पर एक महिला के शव को चारपाई पर रख कर चार महिलाएं वहां से पांच किलोमीटर दूर महसुआ गांव ले गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बुधवार को बताया कि जो चार महिलाएं कंधे पर रख कर इस चारपाई को ले जा रही थीं, उनमें से एक महिला इस मृतक की बेटी है, जबकि तीन अन्य रिश्तेदार हैं।

यह घटना रीवा जिला मुख्यालय से महज 20 किलोमीटर दूर मंगलवार को हुई और शव को कंधे में रखकर ले जाते हुए इन महिलाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एल. मिश्रा ने बताया कि यह महिला लंबे अर्से से बीमार थी और उसे स्वास्थ्य केंद्र पर कई बार भर्ती किया गया था एवं मंगलवार को इलाज के दौरान इसकी मृत्यु हुई।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र में शव-वाहन नहीं है, ऐसे शव-वाहन के इंतजाम के लिए प्रशासन और नगर पंचायत को सूचना दी गई थी एवं उसका इंतजाम किया भी जा रहा था लेकिन इसी बीच, परिवार की महिलाएं शव को लेकर चली गई। मिश्रा ने बताया कि शव-वाहन की समस्या अकेले इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नहीं है, पूरे जिले के अस्पतालों में यह उपलब्ध नहीं है।

उनका कहना था कि स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस दी गई है जो मरीजों को लाने एवं ले जाने का कार्य करती है जबकि शव वाहन उपलब्ध कराना नगर निगम और नगर पंचायतों के जिम्मे है। उन्होंने कहा कि लोगों को वीडियो वायरल करने की बजाय अस्पतालों को शव-वाहन दान देकर इस समस्या का हल करने में मदद करना चाहिए।

(इनपुट- एजेंसी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।