1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 लोगों की मौत, दो की हालत नाजुक

मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 लोगों की मौत, दो की हालत नाजुक

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 25, 2026 02:13 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 02:29 pm IST

मंदसौर के सीतामऊ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत टिटरोड गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़ित महाराष्ट्र के औरंगाबाद के रहने वाले थे।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट- India TV Hindi
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश में मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीतामऊ थाना क्षेत्र के तीतरोद गांव के समीप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

औरंगाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे थे कार सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही सीतामऊ थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए सीतामऊ अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने की मृतकों की पहचान

हादसे में मृतकों की पहचान रविन्द्र काले, निवासी शास्त्री नगर, जवाहर कॉलोनी, औरंगाबाद तथा सचिन गंगाधर गजभारे, निवासी नाहर क्लिनिक के सामने, औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। शेष मृतकों एवं घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। 

कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त 

सीतामऊ पुलिस के अनुसार, कार में छह लोग सवार थे। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। एक्सप्रेसवे से गुज़र रहे लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद, सभी घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला गया। सभी लोगों को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया। 

ट्रक ड्राइवर मौके से फरार 

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। अधिकारी आस-पास के सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेसवे के सर्विलांस सिस्टम की मदद से ट्रक की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। यह हादसा सुबह 11 बजे के करीब हुआ।

रिपोर्ट- अशोक परमार 

ये भी पढ़ेंः उज्जैन में ढहा दो मंजिला मकान, मलबे में दबने से 12 साल के मासूम ने तोड़ा दम, बुजुर्ग महिला बुरी तरह घायल

पेट्रोल मांगने आए शख्स बने जल्लाद, बुलेट सवार तीन बदमाश चौकीदार को जिंदा जलाकर फरार, 2 हुए गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।