1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'मेरा हाल गरीब की जोरू, सबकी भाभी वाला हो गया है', असदुद्दीन ओवैसी का बयान

'मेरा हाल गरीब की जोरू, सबकी भाभी वाला हो गया है', असदुद्दीन ओवैसी का बयान

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Avinash Rai
 Published : May 23, 2025 02:43 pm IST,  Updated : May 23, 2025 02:43 pm IST

विदेश जा रहे डेलीगेशन को लेकर बीते दिनों भोपाल के विधायक आरिफ मसूद ने तमाम सांसदों को पत्र लिखा था। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मेरा हाल 'गरीब की जोरू, सबकी भाभी' वाला हो गया है।

My condition has become like Gareeb ki joru sabki bhabhi wala hai Asaduddin Owaisi statement- India TV Hindi
असदुद्दीन ओवैसी का बयान Image Source : PTI

आपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की पोल खोलने के लिए दुनियाभर के देशों में भारतीय डेलीगेशन को भेजा जा रहा है। ऐसे में भोपाल से कांग्रेस के विधायक आरिफ मसूद ने बीते दिनों कई सांसदों को चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी में उन्होंने सांसदों से कहा था कि आप एक बार सरकार से पूछ लीजिए कि अगर मंत्री विजय शाह और कर्नल सोफिया कुरैशी मामले पर विदेश में सवाल पूछ लिया गया तो क्या जवाब देना है। इस पर AIMIM के मुखिया और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रतिक्रिया दी है। ओवैसी के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह आरिफ मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

आरिफ मसूद को असदुद्दीन ओवैसी ने दिया जवाब

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'भोपाल के विधायक हैं हमारे छोटे भाई है। उन्होंने खत लिखा कि आप सरकार के डेलिगेशन में जा रहे हैं तो मध्य प्रदेश के वजीर ने हमारी सेना की बेबाक बेटी के बारे में अनाप-शनाप बक दिया। आप सरकार से पूछ लीजिए क्योंकि आप दूसरे देशों में जाएंगे, तो सरकार ने इस पर क्या किया, क्योंकि आप विदेश जाएंगे तो ये सवाल किए जाएंगे तो आपके पास क्या जवाब होगा। दुनिया में कोई ऐसा माई का लाल पैदा नहीं हुआ, जिसके सवाल का जवाब अल्लाह और उसके रसूल के सदके में ओवैसी न दे, तो मैं जवाब दे सकता हूं।'

ओवैसी बोले- मेरा हाल ऐसा हो गया है जैसे...

असदुद्दीन ओवैसी ने आरिफ मसूद को जवाब देते हुए आगे कहा 'आपकी पार्टी के भी नेता जो रहे हैं न, हमसे ही पूछ रहे हैं। कोई बोल रहा है कि आप बीजेपी सांसदों के साथ क्यों जा रहे हैं? तो क्या पार्लियामेंट में नहीं बैठता उनके साथ। मेरा हाल तो ऐसा हो गया है, जैसे गरीब की जोरू, सबकी भाभी बन हुई है। अगर सरकार ने उन्हें डेलिगेशन में मौका दिया है तो इसका मतलब है कि वह जानती है कि असदुद्दीन ओवैसी बेबाकी से बोलता है। वो लोग भी ये दिल से मानते हैं, लेकिन जुबान से इकरार नहीं करते, वो अलग बात है।' दरअसल गुरुवार को कांग्रेस विधायक ने आरिफ मसूद ने असदुद्दीन ओवैसी शशि थरूर समेत विदेश जा रहे प्रतिनिधिमंडल के सांसदों को पत्र लिख कर कहा था कि विदेश में आप ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियां बताने जा रहे हैं ऐसे में अगर विदेशी मीडिया आपसे एमपी के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में विवादित बयान पर सवाल पूछले इससे पहले आप केंद्र सरकार से पूछ लें कि इस विषय में क्या बोलना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।