1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. जब मंच पर निकले नरोत्तम मिश्रा के आंसू, कहा-'गांव-गांव जाऊंगा आशुतोष भैया को जिताऊंगा'

जब मंच पर निकले नरोत्तम मिश्रा के आंसू, कहा-'गांव-गांव जाऊंगा आशुतोष भैया को जिताऊंगा'

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 13, 2026 04:21 pm IST,  Updated : Jul 13, 2026 05:05 pm IST

बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा आज दतिया से पार्टी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान मौजूद रहे। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए वे भावुक हो गए।

Narottam mishra- India TV Hindi
आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसभा के दौरान नरोत्तम मिश्रा Image Source : REPORTER INPUT

दतिया: मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा मंच से अपने संबोधन के दौरान रो पड़े। दतिया से बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन दाखिल करने के मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार में जी जान से जुट जाने की अपील की। इसी दौरान वे भावुक हो गए और उनका गला भर आया।

'आशुतोष भैया को जिताऊंगा'

नरोत्तम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि दतिया के मालिकों एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा शीश नवाऊंगा। उन्होंने कहा कि आशुतोष भैया को जिताने के लिए पार्टी का कार्यकर्ता प्राण झोंक देगा। इस भ्रम और मुगालते में कोई नहीं रहे कि कार्यकर्ता घर बैठेगा। उन्होंने आगे कहा कि 16 तारीख से सारे कार्यकर्ताओं के साथ में यहीं पर डेरा जमाएंगे। मैं दतिया के मालिकों के एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा अपना शीश नवाऊंगा. एक-एक गांव के अंदर जाऊंगा और आशुतोष भैया को जिताऊंगा।

आशुतोष तिवारी ने दाखिल किया नामांकन

दतिया के हाई वोल्टेज दंगल में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने आज नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, नरोत्तम मिश्रा समेत पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद थे। इससे यह संदेश भी गया कि बीजेपी में सब कुछ ठीक है। नामांकन दाखिल करने के बाद बीजेपी की ओर से दतिया में एक जनसभा भी की गई। इसी दौरान नरोत्तम मिश्रा ने भी भाषण दिया और कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की। भाषण के दौरान वे भावुक हो गए।

कांग्रेस को करारी शिकस्त देंगे-मोहन यादव

वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि देश में कांग्रेस अब लापता होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिन में सपने देख रही है, जो कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत बीजेपी की होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम कर रही है लेकिन आशुतोष और नरोत्तम जी साथ मिलकर कांग्रेस को करारी शिकस्त देंगे।

टिकट नहीं मिलने पर समर्थकों में आक्रोश

नरोत्तम मिश्रा को बीजेपी की ओर से टिकट नहीं दिए जाने के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला था। दतिया में कुछ जगहों पर हिंसा भी हुई थी। पथराव में पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारी चोटिल हो गए थे। इन घटनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने मिश्रा से भोपाल में चर्चा की और कार्यकर्ताओं के आक्रोश को खत्म करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को दतिया भेजा था। 

क्यों हो रहा है दतिया में चुनाव?

कांग्रेस ने 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए दतिया राजघराने से ताल्लुक रखने वाले पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।  बता दें कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था। हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। बाद में भारती को जमानत मिल गई। उपचुनाव कार्यक्रम के अनुसार, दतिया विधानसभा सीट पर मतदान 30 जुलाई को होगा और मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।

ये भी पढ़ें:

दतिया में नरोत्तम मिश्रा समर्थकों पर बड़ी कारवाई, हिंसा करने वाले 27 नेताओं पर FIR दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।