1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में NEET छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर की खुदकुशी, परीक्षा रद्द होने के चलते डिप्रेशन में थी छात्रा

इंदौर में NEET छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर की खुदकुशी, परीक्षा रद्द होने के चलते डिप्रेशन में थी छात्रा

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 19, 2026 05:01 pm IST,  Updated : Jun 19, 2026 05:01 pm IST

इंदौर से एक मामला सामने आया जहां नीट एस्पिरेंट ने आत्महत्या कर ली। परीक्षा रद्द होने के चलते छात्रा परेशान था और उसने जोखिम भरा कदम उठाते हुए तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी है।

indore- India TV Hindi
छात्रा। Image Source : REPORTER INPUT

इंदौर में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। छात्रा पिछले तीन साल से डॉक्टर बनने के लिए तैयारी कर रही थी। परिजनों का कहना है कि वह पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर थी और हाल के दिनों में मानसिक तनाव में भी लग रही थी। जब से नीट की एग्जाम निरस्त हुई थी तब से ज्यादा डिप्रेशन में रहने लगी थी। घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र की न्यू बर्ग कॉलोनी की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वीडियो कॉल के बाद उठाया आत्मघाती कदम

मृतक छात्रा अवंतिका मौर्य इंदौर में अपनी बड़ी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी और नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। इसके बाद वह मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंची और नीचे कूद गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अवंतिका की कजिन सिस्टर हर्शलता ने बताया, 'अवंतिका पढ़ाई में बहुत अच्छी थी। वह टॉपर रही थी, लेकिन नीट में सिलेक्शन नहीं होने से परेशान रहती थी। उसका सपना डॉक्टर बनना था। हाल ही में परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितताओं को लेकर भी तनाव में थी। रात में हमारी वीडियो कॉल पर बात हुई थी, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं लगा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी।'

तीन साल का संघर्ष और परीक्षा रद्द होने का तनाव

परिजनों के मुताबिक अवंतिका पिछले तीन साल से नीट की तैयारी कर रही थी। दो दिन बाद उसकी परीक्षा भी होने वाली थी। परिवार का कहना है कि हाल के दिनों में वह पहले की तुलना में कम बात कर रही थी और मानसिक दबाव में नजर आ रही थी। पिता डॉ बंसीलाल मौर्य ने कहा, 'मेरी बेटी पिछले तीन साल से नीट की तैयारी कर रही थी। हो सकता है वह डिप्रेशन में रही हो। दो-चार दिन से वह ठीक से बात भी नहीं कर रही थी। परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा की तैयारी का दबाव भी हो सकता है।' घटना के बाद भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस की कार्रवाई और भंवरकुआं थाना प्रभारी का बयान

थाना प्रभारी, भंवरकुआं ने इस मामले की जानकारी दी, उन्होंने बताया, 'पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों के बयान होना बाकी हैं। बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच की जाएगी।' फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्रा की मौत ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट-  भरत पाटिल

ये भी पढ़ें: मासूम पर बरपी पड़ोसी की बर्बरता, ग्वालियर में चोरी के झूठे आरोप में 8 साल की मासूम को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।