मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बरागांव में एक 8 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक परिवार ने बच्ची पर चोरी का झूठा आरोप लगाया और उसके साथ इतनी बर्बरता से मारपीट की कि उसकी जान चली गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और तनाव का माहौल है।
घर में अकेली थी मासूम, माता-पिता के लौटने पर मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार बरागांव के रहने वाले सलमान खान की 8 वर्षीय बेटी चाहत उर्फ अमीन खान घटना के समय घर में अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोस के एक परिवार ने बच्ची पर चोरी का आरोप लगाया और घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट से बच्ची के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। डरी-सहमी मासूम किसी तरह अपने घर के अंदर ही रही, जहां अत्यधिक चोट और सदमे के कारण उसकी मौत हो गई। जब काफी देर बाद माता-पिता घर लौटे तो उन्होंने अपनी लाडली का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बिस्तर पर पड़ा देखा। बच्ची के पूरे शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे, जिसे देखकर कोहराम मच गया।
ताला लगाकर भागे आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
रोते-बिलखते परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुरानी छावनी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी अपने घर पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एएसपी का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सुमन गुर्जर ने बताया कि प्रारंभिक शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पड़ोसियों पर जो आरोप लगाए हैं, उसकी तस्दीक की जा रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। एएसपी ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया
ये भी पढ़ें: न ठाठ-बाठ, न कोई VIP ट्रीटमेंट, गंगा किनारे चादर तान कर सो गए कॉमेडी किंग, सुनील ग्रोवर की सादगी ने जीते दिल