मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर एक परिवार को रातोंरात लखपति बना दिया है। इस बार किस्मत चमकी है उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली एक महिला की, जिनकी खदान से 6.54 कैरेट का चमचमाता हुआ बेशकीमती हीरा निकला है। बाजार में इस हीरे की अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। हीरा मिलने के बाद से ही परिवार में जश्न का माहौल है।
जरुआपुर खदान में मिला उज्ज्वल किस्म का हीरा
जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी मीणा सिंह के नाम पर पन्ना के जरुआपुर क्षेत्र में एक उथली हीरा खदान का पट्टा संचालित है। इस खदान में रोजाना की तरह मजदूर खुदाई और चालन का काम कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी के बीच मजदूरों को एक चमचमाता हुआ पत्थर दिखाई दिया। जब इसे साफ किया गया तो वह एक बड़ा हीरा निकला। विशेषज्ञों और हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, यह हीरा बेहतरीन क्वालिटी का है, जिसका वजन 6.54 कैरेट है। जेम क्वालिटी अच्छी होने के कारण आगामी सरकारी नीलामी में इसकी कीमत और अधिक बढ़ने की पूरी उम्मीद है।
2021 में लिया था खदान का पट्टा
मीणा सिंह के पति राणा सिंह ने बताया कि वे साल 2021 में किसी काम से पन्ना आए थे। यहाँ हीरा खनन की कहानियों और संभावनाओं से प्रभावित होकर उन्होंने भी अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया। उन्होंने हीरा कार्यालय से जरुआपुर में एक उथली खदान का पट्टा अपनी पत्नी मीणा सिंह के नाम पर लिया। राणा सिंह के मुताबिक, यह खदान उनके लिए बेहद भाग्यशाली साबित हुई है। इस खदान से अब तक अलग-अलग समय पर कुल 15 छोटे-बड़े हीरे निकल चुके हैं, लेकिन 6.54 कैरेट का यह हीरा अब तक का सबसे बड़ा और सबसे कीमती हीरा है।

नीलामी में रखा जाएगा हीरा, टैक्स काटकर मिलेगी राशि
नियमानुसार, खदान से हीरा मिलने के बाद राणा सिंह और उनके परिवार ने इसे पन्ना के हीरा कार्यालय में सुरक्षित जमा करा दिया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि इस हीरे को आने वाली अगली सरकारी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी में जो भी अधिकतम बोली लगेगी, उसमें से शासन की निर्धारित रॉयल्टी और 12 प्रतिशत टैक्स काटकर शेष बची पूरी राशि हीरा मालिक मीणा सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। पन्ना की धरती से अक्सर ऐसी खबरें आती रहती हैं, जहां साधारण मजदूरों और मध्यमवर्गीय परिवारों को हीरा पाकर अपनी तकदीर बदलते देखा गया है।
Reporter- अमित सिंह राठौर