1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. प्रियंका गांधी ने कहा, 'बुलडोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य'; सीएम मोहन यादव ने दिया ये जवाब

प्रियंका गांधी ने कहा, 'बुलडोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य'; सीएम मोहन यादव ने दिया ये जवाब

 Published : Aug 24, 2024 11:38 pm IST,  Updated : Aug 25, 2024 12:02 am IST

‘बुलडोजर न्याय’ को अस्वीकार्य बताए जाने के कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बयान पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कानून से बड़ा कोई भी नहीं है।

Priyanka Gandhi, Priyanka Gandhi Bulldozer, Bulldozer Mohan Yadav- India TV Hindi
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी। Image Source : PTI FILE

इंदौर: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी द्वारा ‘बुलडोजर न्याय’ को अस्वीकार्य बताए जाने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोई भी शख्स कानून से बड़ा नहीं है और जो भी कानून तोड़ रहे हैं उनके खिलाफ संविधान के तहत कार्रवाई हो रही है। बता दें कि मध्य प्रदेश के छतरपुर में थाने पर हमले और पथराव के आरोपी हाजी शहजाद अली की कोठी ढहाए जाने पर सियासी बवाल मचा हुआ है और कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमले कर रही है।

‘कोई भी व्यक्ति कानून से बड़ा नहीं है’

कांग्रेस के तीखे हमलों के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को इस मामले में सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से बड़ा नहीं है और राज्य सरकार कानून तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ संविधान के तहत कार्रवाई कर रही है। छतरपुर के घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के एक बयान को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर मुख्यमंत्री यादव ने इंदौर में कहा,‘मेरा तो इतना ही कहना है कि कोई भी व्यक्ति कानून से बड़ा नहीं है। कानून का राज है। सरकार, कानून तोड़ने वाले लोगों पर व्यवस्थाओं के आधार पर संविधान के अंतर्गत कार्रवाई कर रही है।’

‘मंजूरी लेकर निर्माण कार्य कराए जाएं’

मामले पर बोलते हुए सुनीता उन्होंने कहा,‘विधिवत मंजूरी लेकर निर्माण कार्य कराए जाएं। अगर आप कोई निर्माण करते हो और इसकी विधिवत मंजूरी नहीं लेते हो, और अगर आप विविध प्रकार से आतंक के पर्याय बनते हो, तो प्रशासन को अपना काम करने की छूट भी है। फिर उन्हें (प्रशासन को) जो करना है, वह करेंगे।’ बता दें कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को ‘X’ पर जारी बयान में कहा कि देश में ‘बुलडोजर न्याय’ पूरी तरह अस्वीकार्य है और यह बंद होना चाहिए। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की, जब छतरपुर में थाने पर पथराव की घटना के आरोपी शहजाद अली की कोठी को प्रशासन ने ढहा दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।