1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, बिहार जा रही थी गाड़ी, खौफनाक Video आया सामने

ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, बिहार जा रही थी गाड़ी, खौफनाक Video आया सामने

 Reported By: Sanjay Sah,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 06, 2026 06:19 pm IST,  Updated : Oct 06, 2026 07:17 pm IST

यूपी के ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती बस में भीषण आग लग गई है। दमकल की गाड़ियां मौके पर हैं और आग बुझाने में लगी हुई हैं। बस में आग लगने का खौफनाक Video सामने आया है।

greater noida expressway bus fire- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर से खौफनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की शाम यहां एक चलती हुई स्लीपर बस में भीषण आग लग गई है। स्लीपर बस में आग लगने के बाद आस-पास में पूरी तरह से हड़कंप मच गया है। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, ये मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र का है।

बस में 32 लोग थे सवार

PTI की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जिस डबल डेकर बस में आग लगी है वह दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के लिए जा रही थी। गनीमत ये रही है कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया है कि जब ये हादसा हुआ तब बस में 32 लोग सवार थे और सभी को सकुशल तरीके से बस से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, बस से यात्रा कर रहे लोगों का सारा सामान जल गया। आपको बता दें कि इससे पहले 24 सितंबर को भी ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर एक स्लीपर बस में आग लग गई थी। इस हादसे में  9 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे।

प्रशासन ने क्या बताया?

मंगलवार को हुए इस हादसे के बारे में दमकल अधिकारी ने बताया है कि मंगलवार की शाम को दमकल विभाग को खबर मिली कि ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 150 के पास एक डबल डेकर बस में आग लग गई है। घटना के बारे में सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे जिसके बाद कड़ी मशक्कत करने पर आग पर काबू पाया जा सका। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बस में लग आग का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है।

अधिकारियों ने बताया है कि ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में बस तो पूरी तरह से जल गई है लेकिन किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। बस में जितने लोग भी सवार थे उनको बिहार भेजने के लिए अलग से बस की व्यवस्था कराई जा रही है। अब तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौत, 3 घायल

कानपुर में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गले में रस्सी बांधकर घसीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।