इंदौर: शहर में हो रही तेज बारिश से सामान्य जन जीवन व्यस्त है, उधर शादी के मौसम में हो रही बारिश भी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। मुसीबन बनी बारिश में एक शादी का वीडियो आपको भी मुस्कुराने पर मजबूर कर देगा। शादी की तैयारी हो चुकी थी, विवाह भवन में होने वाली शादी के लिए लोग शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे थे। बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही थी और विवाह भवन पानी से लबालब भरा था। ऐसे में शादी के लिए दूल्हे ने तरकीब निकाली, दुल्हन को परेशानी ना हो, इसके लिए दूल्हे ने दुल्हन को गोद में उठाकर मंडप तक पहुंचाया।
देखें वीडियो
इंदौर में लगातार हो रही बारिश के बीच शादी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो शहर के कट रोड स्थित एक विवाह भवन के गार्डन का है जहां शादी होने वाली थी। गार्डेन में जलभराव होने से मंडप तक पहुंचने का रास्ता पानी में डूब गया था। ऐसे में दूल्हे ने दुल्हन को गोद में उठाकर मंडप तक पहुंचाया। शादी में मौजूद मेहमानों ने इस अनोखे पल का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पन्ना का अस्पताल बना स्विमिंग पूल
पन्ना जिला चिकित्सालय में भारी बारिश के बाद ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया, जिससे सर्जिकल और डिलीवरी वार्ड जलमग्न हो गए हैं। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। नवजात शिशुओं, प्रसूताओं और गंभीर मरीजों के वार्डों में करीब एक-एक फीट पानी भर जाने से संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। मरीज और उनके तीमारदार बेड पर ही कैद रहने को मजबूर हैं; उन्हें दवा, इंजेक्शन और शौचालय जाने तक के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक गुप्ता ने माना कि पुरानी बिल्डिंग वॉटर लेवल से 5 फीट नीचे है। आगे चल रहे नई बिल्डिंग के कंस्ट्रक्शन की वजह से नाली ब्लॉक हो गई है, जिससे पानी का बैक-फ्लो हो रहा है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए भोपाल मुख्यालय से मांग की गई है। निर्माण एजेंसी को पत्र लिखा गया है। फिलहाल मुस्तैदी से पानी निकालने का काम जारी है और जल्द ही परिसर साफ कर दिया जाएगा।
(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
समोसे-कचौरी की दीवानगी, नाश्ते के लिए लोको पायलट ने रोकी ट्रेन? इंदौर-महू डेमू का वीडियो वायरल, जांच की उठी मांग