1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. तेल में खेल! CM मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियों में भरा गया पानी मिला डीजल, एक-एक कर बंद हुईं सभी गाड़ियां-VIDEO

तेल में खेल! CM मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियों में भरा गया पानी मिला डीजल, एक-एक कर बंद हुईं सभी गाड़ियां-VIDEO

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 27, 2025 02:16 pm IST,  Updated : Jun 27, 2025 02:31 pm IST

मुख्यमंत्री मोहन यादव के रीजनल राइज कॉन्क्लेव में भाग लेने से पहले बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली व सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है।

सीएम मोहन यादव के काफिले की गाड़ियां- India TV Hindi
सीएम मोहन यादव के काफिले की गाड़ियां Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे से ठीक एक दिन पहले एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इंदौर से भेजी गईं मुख्यमंत्री के काफिले की 19 गाड़ियां रतलाम पहुंचते ही खराब हो गईं। एक-एक कर सभी गाड़ियां बंद हो गईं। जांच में सामने आया है कि इन वाहनों में जिस पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया गया था, उसमें डीजल के साथ पानी की मिलावट थी।

प्रशासन में मची अफरा-तफरी

दरअसल, इन 19 गाड़ियों को इंदौर डीआरपी लाइन से विशेष रूप से बुलाया गया था, ताकि मुख्यमंत्री, उनके सुरक्षाकर्मियों, वरिष्ठ अधिकारियों और कार्यक्रम में शामिल हो रहे कैबिनेट मंत्रियों को हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक ले जाया जा सके। यह सभी गाड़ियां मुख्यमंत्री की वीआईपी मूवमेंट योजना का अहम हिस्सा थीं। जैसे ही यह गाड़ियां रतलाम पहुंचीं और डीजल भरवाया गया। कुछ ही दूरी पर इनकी हालत बिगड़ने लगी। एक-एक करके सभी वाहन बंद हो गए, जिससे पूरे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

डीजल में ज्यादा थी पानी की मात्रा

प्रारंभिक जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि डीजल में पानी की मात्रा अत्यधिक थी। इससे वाहनों का इंजन खराब हो गया। इस घटना के सामने आते ही जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पेट्रोल पंप पर तत्काल जांच शुरू की गई।

तत्काल दूसरी गाड़ियों की व्यवस्था की गई

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए जिला प्रशासन ने अन्य स्रोतों से तत्काल वैकल्पिक गाड़ियों की व्यवस्था शुरू कर दी। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के किसी भी सदस्य के दौरे पर कोई असर न पड़े और कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो।

रतलाम में आज है ये कार्यक्रम

मुख्यमंत्री मोहन यादव 27 जून (शुक्रवार) को रतलाम में आयोजित 'रीजनल राइज कॉन्क्लेव' में भाग लेने आ रहे हैं। यह कार्यक्रम उद्योग एवं निवेश को लेकर एक राज्य स्तरीय आयोजन है, जिसमें विभिन्न मंत्रालयों के प्रतिनिधि, उद्यमी, निवेशक और अधिकारी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों में जिला प्रशासन कई दिनों से जुटा था, लेकिन वाहन कांड ने व्यवस्थाओं को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।

पेट्रोल पंप को किया गया सील

डीजल में पेट्रोल मिलाए जाने की घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएम के काफिले जैसी संवेदनशील व्यवस्थाओं में इस तरह की चूक किसी बड़ी दुर्घटना का कारण भी बन सकती थी। जिला प्रशासन के आला अधिकारी अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। जहां से गाड़ियों में पानी की मिलावट वाला डीजल डलवाया गया था। उस पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।