1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. संजय गांधी अस्पताल के ICU वार्ड में पंखा तक नहीं, बेड भी टूटा, वीडियो वायरल होने पर बवाल

संजय गांधी अस्पताल के ICU वार्ड में पंखा तक नहीं, बेड भी टूटा, वीडियो वायरल होने पर बवाल

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 06, 2026 11:47 pm IST,  Updated : Mar 06, 2026 11:49 pm IST

रीवा के संजय गांधी अस्पताल की हालत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वायरल वीडियो में टूटा-फूटा बेड और बिना पंखे का वार्ड दिखाई दे रहा है। वीडियो आईसीयू वार्ड का है।

Sanjay Gandhi Hospital- India TV Hindi
संजय गांधी अस्पताल का नजारा Image Source : REPORTER INPUT

विंध्य क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पतालों में गिने जाने वाले संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के आईसीयू वार्ड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वार्ड की बदहाल स्थिति दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब दो दिन पुराना है और इसे एक महिला अटेंडर ने बनाया है। वीडियो में महिला दावा कर रही है कि मरीज को टूटा-फूटा और फटा हुआ बेड दिया गया था। आईसीयू वार्ड में सीलिंग फैन तक नहीं था, जिसके कारण मरीज को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। मजबूरी में परिजनों को घर से पंखा लाकर लगाना पड़ा।

वीडियो में महिला यह भी कहती सुनाई दे रही है कि वार्ड में गंदगी फैली हुई थी और शिकायत करने पर किसी ने सुनवाई नहीं की। यहां तक कि अस्पताल स्टाफ की ओर से यह कह दिया गया कि “आपको बेड मिल गया, यही काफी है।”

वायरल वीडियो ने खोली व्यवस्थाओं की पोल

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे। लोगों का कहना है कि जब आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड की यह स्थिति है, तो अन्य वार्डों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस मामले को लेकर सीएमओ डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि मरीज की सुविधा अस्पताल की पहली प्राथमिकता है। यदि आईसीयू में टूटा बेड या अन्य कोई कमी पाई गई है तो इसकी जांच कराई जाएगी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में समय-समय पर मेंटेनेंस कराया जाता है, लेकिन अगर कोई कमी रह गई है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में सबसे बड़ा अस्पताल

गौरतलब है कि रीवा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला का गृह जिला है। यहां स्थित संजय गांधी अस्पताल विंध्य क्षेत्र का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां रीवा, सीधी, सतना और सिंगरौली सहित कई जिलों से मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में आईसीयू वार्ड की बदहाल स्थिति का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और अस्पताल की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है।

(रीवा से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

रात में सहेली के यहां रुक गई महिला, नाराज पति ने 3 दिन तक पीटा, गंदी लत बनी मौत की वजह

एग्जाम देने जा रहे भाई-बहन की पीट-पीटकर हत्या, चाचा और उसके बेटे ने ही ले ली जान; इस बात से थे नाराज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।