1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 35 लाख के लोन से छुटकारा पाने के लिए पत्नी को फिनायल पिलाया, कहा- 'तुम्हारे मरने से लोन माफ'

35 लाख के लोन से छुटकारा पाने के लिए पत्नी को फिनायल पिलाया, कहा- 'तुम्हारे मरने से लोन माफ'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 02, 2026 09:48 pm IST,  Updated : Jan 02, 2026 09:48 pm IST

आरोपी पति ने कहा कि पत्नी के मरने से 35 लाख का लोन माफ हो जाएगा। इस वजह से उसने पत्नी को फिनायल पिला दिया। हालांकि, उसकी जान किसी तरह बच गई। पत्नी की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Husband Wife- India TV Hindi
पीड़ित पत्नी (बाएं), आरोपी पति (दाएं) Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के सतना में एक व्यक्ति ने 35 लाख रुपये के लोन से छुटकारा पाने के लिए अपनी पत्नी की हत्या करने की कोशिश की। आरोपी ने अपनी पत्नी को पानी में मिलाकर फिनालय पिला दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालांकि, उसकी जान बच गई। इसके बाद पीड़ित पत्नी ने शिकायत की और पत्नी की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी पति ने बिजनेस के नाम पर 35 लाख रुपये का लोन लिया था। हालांकि, बिजनेस सफल नहीं हुआ तो वह पत्नी को मारकर लोन से छुटकारा पाने की कोशिश कर रहा है। आरोपी ने पत्नी को पानी में मिलाकर फिनायल पिला दिया और मारपीट कर बोला तेरे मरने के बाद 35 लाख का लोन माफ हो जाएगा। 

बिजनेस लोन के पैसे उड़ाए

मामला सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बगहा मोहल्ले का है। जहां पीड़ित पूर्णिमा त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि उसके पति अनुराग सोहन त्रिपाठी ने उनके नाम से ‘रुद्रा इंटरप्राइजेज’ नाम की फर्म बनाई थी, जो सर्जिकल सामग्री के व्यवसाय से जुड़ी थी। इसी फर्म के नाम पर एसबीआई बैंक से 35 लाख रुपए का लोन लिया। यह भी पूर्णिमा के नाम पर है। लोन की पैसे का उपयोग पति ने किया, जबकि कर्ज की जिम्मेदारी पत्नी के नाम पर रही। 

29 दिसंबर को पिलाया फिनायल

28 दिसंबर की रात अनुराग शराब के नशे में घर आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और मुंह पर चोटें आईं। हालात  अगले दिन भी वही रहे और 29 दिसंबर की सुबह करीब दस से साढ़े दस के बीच दोनों में विवाद फिर बढ़ गया। सनकी आरोपी पति ने घर के बाथरूम में रखी फिनाइल की गोलियों को पीसकर पानी में मिलाई और पत्नी को जबरन पिला दिया। आरोप है कि पति अनुराग सोहन ने कहा कि उसके मर जाने पर 35 लाख का लोन माफ हो जाएगा। पत्नी 1 जनवरी तक अस्पताल में भर्ती रही। डिस्चार्ज होने के बाद परिजन के साथ देर रात सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी  पति के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(2) हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

होश में आई तो पिता को फोन कर बताया

फिनाइल मिला पानी पीने के बाद पूर्णिमा की हालत बिगड़ती चली गई, उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गई, जब उसे कुछ देर में होश आया तो उसने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना बताई। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां बिरला अस्पताल में उनका उपचार किया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि शादी के बाद से ही पति मारपीट कर रहा था। इससे पहले भी जसो थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। महिला ने पुलिस को मारपीट की पुरानी तस्वीरें भी सौंपी हैं, जो जसो थाना क्षेत्र में हुई घटना की थीं,जिन्हें जांच में पुलिस ने शामिल किया है।

2020 में हुई थी शादी

पीड़िता के पिता राजकुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की शादी जून साल 2020 में हुई थी। विवाह के कुछ महीनों बाद से ही दामाद का व्यवहार हिंसक हो गया था। कई बार परिवार के लोगों ने समझाने का प्रयास किया,लेकिन स्थिति नहीं बदली। उन्होंने कहा कि 28 दिसंबर की रात बेटी के साथ जो हुआ,वह माफ करने योग्य नहीं है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति अनुराग त्रिपाठी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का साढ़े तीन साल का एक बेटा भी है।

(सतना से अमित त्रिपाठी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

इंदौर: दूषित पानी मामले पर CM मोहन यादव का सख्त एक्शन, कई अधिकारियों पर गिरी गाज, इंजीनियर से प्रभार छीना

इंदौर में दूषित पानी से मौतों पर भड़कीं पूर्व CM उमा भारती, बोलीं- 'इस पाप का घोर प्रायश्चित करना होगा...'

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।