1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. युवक को डंसने के बाद तड़प-तड़पकर मर गया सांप, मृत सर्प लेकर अस्पताल पहुंचा शख्स

युवक को डंसने के बाद तड़प-तड़पकर मर गया सांप, मृत सर्प लेकर अस्पताल पहुंचा शख्स

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 20, 2025 11:37 pm IST,  Updated : Jun 20, 2025 11:37 pm IST

एमपी के बालाघाट जिले में एक युवक को डंसने के बाद सांप की मौत हो गई। मृत सांप को लेकर युवक अस्पताल में पहुंचा। यहां युवक का इलाज किया जा रहा है।

युवक को डंसने के बाद सांप की मौत।- India TV Hindi
युवक को डंसने के बाद सांप की मौत। Image Source : INDIA TV

बालाघाट: किसी भी जहरीले या बिना जहरीले सांप के डंसने के बाद सांप की ही मौत हो जाए, ऐसा सुनने में नहीं आता। क्योंकि अगर जहरीले सांप के डंसने की घटना हो जाए तो सम्बंधित व्यक्ति का बगैर उपचार के बचना मुश्किल हो जाता है। हालांकि यहां बालाघाट जिले में ऐसी घटना सामने आई है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। यहां एक व्यक्ति को डंसने के बाद सांप की ही मौके पर तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना के बाद शख्स मरे हुए सांप को लेकर अस्पताल पहुंच गया। फिलहाल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेत में काम करते समय सांप ने डंसा

जानकारी के मुताबिक ग्रामीण थाना क्षेत्र के खुड़सोड़ी निवासी 25 वर्षीय सचिन कार मैकेनिक है। सचिन अपने खेत गया हुआ था। खेत में काम करने के दौरान उसे सांप ने पैर में डंस लिया। सांप ने सचिन के बाएं पैर पर डंसा, लेकिन कुछ ही पल में वह सांप तड़प-तड़पकर मर गया। इस पूरे मामले की जानकारी जब सचिन के परिजनों को लगी, तो वह सचिन के साथ-साथ उस मरे हुए सांप को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां चिकित्सकों ने सांप को बाहर फेंकवा दिया और सचिन को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

चर्चा का विषय बना सांप की मौत

बताया जा रहा है कि युवक को डंसने वाला सांप डोंगर बेलिया था, जो काफी जहरीला होता है। हालांकि सांप के डंसने के बाद अपने आप मर जाने की बात समझ से परे लग रही है। इस अनोखे मामले को लेकर फॉरेस्ट रेंजर धर्मेंद्र बिसेन से दूरभाष पर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि यह डोंगरबेलिया जहरीले प्रजाति का सांप है। युवक को काटने के बाद सर्प पलट नहीं पाया होगा और युवक के पैर के नीचे दबने से सांप के जहर की थैली फट गई होगी, जिससे सांप की मौत हो गई। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। (इनपुट- शौकत बिसाने)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।