1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंजीनियर के पास 5 बीवियां, हर साल कर रहा नई शादी, पत्नी ने लगाई एसपी से गुहार, बताया कैसे कर रहा सभी को चीट

इंजीनियर के पास 5 बीवियां, हर साल कर रहा नई शादी, पत्नी ने लगाई एसपी से गुहार, बताया कैसे कर रहा सभी को चीट

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Sep 20, 2024 11:23 pm IST,  Updated : Sep 20, 2024 11:45 pm IST

मध्य प्रदेश में एक युवक ने पांच महिलाओं को धोखा दिया। इंजीनियर ने एक-दो नहीं बल्कि पांच शादियां कर रखी है। युवक की पत्नी का दावा करने वाली एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE

ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ऐसा भी है, जो एक दो नहीं बल्कि पांच-पांच बीवियां रखे हुए है। इंजीनियर की पहली पत्नी होने का दावा करने वाली एक महिला ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से इस संबंध में शिकायत की है। प्रभारी एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए महिला ने कहा कि पति काम का बहाना बनाकर कई दिनों तक घर से बाहर रहता है। जब उसने पड़ताल की तो हकीकत सामने आई। इतना ही नहीं पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पति अब विदेश भागने की फिराक में है।

महिला की 13 मई 2018 को हुई थी शादी

ग्वालियर में एसपी कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंची एक महिला ने बताया कि उसकी शादी 13 मई 2018 को मुरार तिकोनिया में रहने वाले रूस्तम सिंह से हुई थी। पीड़िता के अनुसार, उसका पति रूस्तम सिंह एक विदेशी कंपनी में सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन इंजीनियर है जो शादी के बाद से ही लगातार काम का बहाना बनाकर कई दिनों तक घर नहीं आता था। उसे शक हुआ तो जांच में पता चला कि उसके पति ने पांच शादियां की हैं। इतना ही नहीं ये सब पति के परिजन भी जानते हैं। 

सभी पत्नियों को इस तरह दे रहा धोखा

महिला का आरोप है कि पति के परिजन खुद बेटे को शिक्षित बताकर उसकी अलग-अलग जगह शादी कराई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पति रूस्तम सिंह इसी तरह से काम का बहाना बनाकर हर पत्नी को धोखा दे रहा है। पीड़िता ने प्रभारी एसपी राकेश कुमार से न्याय की गुहार लगाई है।

2022 में महिला ने कोर्ट में किया था केस

पीड़िता ने बताया है कि उसने साल 2022 में पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था, जो कोर्ट में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि पति विदेशी कंपनी में ही काम करता है। इसलिए अब विदेश भागने की फिराक में है। डीएसपी महिला अपराध किरण अहिरवार ने पीड़िता को भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।