1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Video: कटनी में समोसे को लेकर युद्ध, गर्भवती के पेट पर मारी लात, कई गाड़ियां जलाई

Video: कटनी में समोसे को लेकर युद्ध, गर्भवती के पेट पर मारी लात, कई गाड़ियां जलाई

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 04, 2024 09:32 pm IST,  Updated : Nov 04, 2024 09:32 pm IST

पीड़ित महिला के मुताबिक वो प्रेगनेंट है और आरोपियों ने उसके पेट पर लात मारी। इसके बाद महिला कार में जाकर बैठ गई फिर आरोपी महिला के पति से उलझ गए। विवाद बढ़ा तो गांव के लोग महिला और उसके पति के समर्थन में आ गए।

Katni- India TV Hindi
कटनी में बवाल Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के कटनी में समोसा खरीदने को लेकर ऐसा बवाल हुआ कि बात आगजनी और पत्थरबाजी तक पहुंच गई। आरोप है कि रेत कर्मचारियों ने गर्भवती महिला के पेट पर लात मार दी थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। महिला के पति के साथ भी रेत कर्मचारियों ने मारपीट की। ऐसे में गांव के लोग दंपती के समर्थन में आ गए। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। कई गाड़ियां भी जलाई गईं। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मामला शांत हुआ।

घटना बड़वारा थाना के बसाडी गांव की है। यहां महिला अपने बच्चों के लिए समोसे लेने पहुंची थी। हालांकि, होटल में बने सारे समोसे रेत कंपनी के स्टाफ ने पहले ही अपने पास रखवा लिए थे, लेकिन महिला की रिक्वेस्ट पर होटल वाले ने बच्चों के लिए दो समोसे दे दिए। इस बात पर रेत कंपनी के लोग नाराज हो गए और महिला से बहस करने लगे।

महिला से अभद्रता 

इस दौरान आरोपी महिला से अभद्रता पर उतर आए। पीड़ित महिला के मुताबिक वो प्रेगनेंट है और आरोपियों ने उसके पेट पर लात मारी। इसके बाद महिला कार में जाकर बैठ गई फिर आरोपी महिला के पति से उलझ गए। विवाद बढ़ा तो गांव के लोग महिला और उसके पति के समर्थन में आ गए। विवाद बढ़ने के बाद आस पास के गांव वाले इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह महिला और उसके परिवार को वहां से निकाला। इसके बाद ग्रामीणों का रेत कंपनी के लोगों के साथ विवाद शुरु हो गया।

गाड़ियां जलाई, पत्थरबाजी की

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी शुरु हो गई। गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। इस पूरे बवाल के बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। मोबाइल और वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस आरोपियों की धर पकड़ में जुटी है। कटनी में समोसे पर छिड़े संग्राम का ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।

(कटनी से यश खरे की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।