1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. महज दो सेकेंड में जिंदगी खत्म! स्कूटर खड़ी कर रहा था शख्स, अचानक गिरा और हुई मौत; CCTV फुटेज आया सामने

महज दो सेकेंड में जिंदगी खत्म! स्कूटर खड़ी कर रहा था शख्स, अचानक गिरा और हुई मौत; CCTV फुटेज आया सामने

 Written By: Amar Deep
 Published : Nov 07, 2026 02:56 pm IST,  Updated : Nov 07, 2026 02:56 pm IST

मध्य प्रदेश के गुना से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां स्कूटर खड़ा करते समय एक शख्स की अचानक गिरने के बाद मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

स्कूटर खड़ा करते समय हार्ट अटैक से मौत।- India TV Hindi
स्कूटर खड़ा करते समय हार्ट अटैक से मौत। Image Source : REPORTER INPUT

गुना: कहते हैं जिंदगी का कोई भरोसा नहीं है, ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के गुना जिले से सामने आया। यहां महज दो सेकेंड के अंदर एक चलते फिरते इंसान की जिंदगी खत्म हो गई। जानकारी के मुताबिक शहर के प्रतिष्ठित एडवोकेट लोकेंद्र श्रीमाल की अचानक कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ने से दर्दनाक मौत हो गई। वे अपने घर के बाहर स्कूटर खड़ी कर ही रहे थे कि महज दो सेकंड के भीतर जमीन पर गिर पड़े और उन्होंने दम तोड़ दिया। यह पूरी हृदय विदारक घटना वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया है।

CCTV में कैद हुआ जिंदगी के आखिरी दो सेकंड का सफर

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एडवोकेट लोकेंद्र श्रीमाल अपनी स्कूटर को घर से बाहर निकलकर खड़ी कर ही रहे थे कि उसी क्षण अचानक आए साइलेंट कार्डियक अरेस्ट ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया। गाड़ी खड़ी करते ही वे बेसुध होकर नीचे गिर गए। देखते ही देखते दो सेकंड में उनकी सांसें थम गईं। जब तक आसपास के लोग और परिजन मदद के लिए दौड़ते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 

परिजनों ने कराया नेत्रदान

वरिष्ठ अधिवक्ता के इस तरह अचानक निधन से जिला न्यायालय परिसर, वकील बिरादरी और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। इस वज्रपात और गहरे दुख के बीच भी श्रीमाल परिवार ने अनुकरणीय मिसाल पेश की है। लोकेंद्र श्रीमाल ने अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लिया था। परिजनों ने इस विकट समय में भी धैर्य दिखाते हुए उनके नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई, जिससे दो दृष्टिहीनों के जीवन में उजाला हो सकेगा। वहीं इस घटना के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है।

हार्ट अटैक के बढ़ते मामले

बता दें कि इन दिनों हार्ट अटैक के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में पंजाब के संगरूर जिले से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां दुकान में चोरी की घटना से आहत एक व्यापारी की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह सीढ़ी पर बैठे-बैठे अचानक गिरे और फिर उनकी मौत हो गई। (इनपुट- रितेश सिंह राजपूत)

यह भी पढ़ें-

गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा! निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, कई मजदूर मलबे में फंसे; एक की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।