1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. गांव के दबंगों ने युवक को रस्सी से बांधकर की बेरहमी से पिटाई, गाली-गलौज का लगाया आरोप- VIDEO

गांव के दबंगों ने युवक को रस्सी से बांधकर की बेरहमी से पिटाई, गाली-गलौज का लगाया आरोप- VIDEO

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Dec 13, 2023 10:11 am IST,  Updated : Dec 13, 2023 11:32 am IST

राजगढ़ जिले के लसुल्डी गांव में एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। गांव के कुछ दबंगों ने युवक को पिलर पर रस्सी से बांधकर उसको लाठी-डंडों से पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती- India TV Hindi
युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने घर में घुसकर गाली-गलौज की थी। इस आरोप में गांव के दबंगों ने युवक गिरिराज दांगी को घर के बाहर पिलर पर रस्सी से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामला खिलचीपुर थाना क्षेत्र के लसुल्डी गांव का है। घटना के बाद पिटाई से घायल हुए युवक को खिलचीपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से की पिटाई

घटना के बाद घायल युवक के परिजनों की शिकायत पर खिलचीपुर थाने में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद थाने में शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे युवक के भाई कमल दांगी ने बताया कि रविवार को गांव में रहने वाले राधेश्याम, रामचण, महेश और शैतान बाई ने मेरे भाई को अपने घर के बाहर पिलर पर रस्सी से बांधकर उसकी लाठी-डंडों से बेहरहमी के साथ पिटाई की। युवक के परिजनों को जब इस घटना का पता चला तो उन्होंने डायल 100 पुलिस को इसकी सूचना दी। जब पुलिस का वाहन गांव में पहुंचा, तो दबंग फरार हो गए। इसके बाद घायल युवक को उनके परिजनों ने खिलचीपुर अस्पताल में भर्ती करवाया। 

प्रसाद बंटने के दौरान हुआ था कहासुनी

पीड़ित का भाई कमल ने पुलिस को बताया कि हमारा मोहनलाल के परिवार से पुराना विवाद चल रहा है। रविवार सुबह को मेरे भाई गिरिराज ने गांव के मंदिर में प्रसाद चढ़ाया। जब वहां प्रसाद बंट रहा था इसी दौरान वहां मौजूद मोहनलाल से उसकी कहासुनी हो गई। सुबह तो मामला शांत हो गया था, लेकिन रात को जब मेरा भाई गिरिराज गांव में घूम रहा था, तो राधेश्याम दांगी, रामचण दांगी, महेश दांगी और शैतान बाई ने उसको पकड़ा और घसीटते हुए अपने घर के बाहर लेकर गए और पिलर पर रस्सी से बांधकर उसको जमकर लाठी-डंडों से पीटा। 

घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद टीआई प्रभात गौड ने बताया कि घायल गिरिराज दांगी के भाई कमल दांगी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि कल उसके भाई के साथ लसुल्डी गांव में रहने वाले राधेश्याम दांगी, रामचण दांगी , महेश दांगी और शैतान बाई ने खंभे से बांधकर मारपीट की है। पीड़ित गिरिराज अभी अस्पताल में भर्ती है। कमल के बयान पर हमने चार लोगों पर 342, 323, 294, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

- गोविंद सोनी की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।