1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: पुलिसकर्मियों में तेजी से फैल रहा Coronavirus, 115 नए केस मिले, कुल 342 पुलिस वाले कोरोना पॉजिटिव

महाराष्ट्र: पुलिसकर्मियों में तेजी से फैल रहा Coronavirus, 115 नए केस मिले, कुल 342 पुलिस वाले कोरोना पॉजिटिव

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 02, 2020 04:54 pm IST,  Updated : May 02, 2020 05:20 pm IST

देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले लगातार तेजी से बढ़ते ही जा रहा है। यहां कोरोना के खिलाफ फ्रंटलाइन पर जंग लड़ रहे पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।

महाराष्ट्र पुलिस कोरोना पॉजिटिव- India TV Hindi
महाराष्ट्र: पुलिसकर्मियों में तेजी से फैल रहा Coronavirus, 115 नए केस मिले, कुल 342 पुलिस वाले कोरोना पॉजिटिव Image Source : AP

मुंबई: देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले लगातार तेजी से बढ़ते ही जा रहा है। यहां कोरोना के खिलाफ फ्रंटलाइन पर जंग लड़ रहे पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। राज्य में शनिवार तक कुल 342 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिनमें से 51 अधिकारी और 291 सामान्य पुलिसकर्मी हैं। इतना ही नहीं, इनमें मुम्बई में 3 पुलिसकर्मियों की कोरोना वायरस के कारण मौत भी हो चुकी है।

महाराष्ट्र में पुलिसकर्मियों के बीच कोरोना वायरस बहुत तेजी से फैल रहा है। शुक्रवार तक राज्य में कुल 227 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव थे, जिनमें से 197 सामान्य कर्मचारी और बाकी 30 अधिकारी थे। लेकिन, शनिवार तक कुल संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्या 342 हो गई यानि एक दिन में राज्य में 115 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए, जिनमें से 21 अधिकारी और और बाकि सभी सामान्य पुलिसकर्मी हैं।

पुलिसकर्मियों के फ्रंटलाइन पर कोरोना से जंग लड़ने और कई कर्मियों के कोरोना संक्रमित होने के बावजूद भी कुछ लोग इनके बलिदान को नहीं समझ पा रहे हैं। राज्य में पुलिस पर हमले की घटनाएं भी सामने आ रहे हैं। हालांकि, अब सरकार ऐसे हमलावरों के खिलाफ सख्त होती नजर आ रही है। लॉकडाउन के नियमों को लागू करने का प्रयास करते पुलिसकर्मियों पर हमले का एक वीडियो सामने आने के बाद शनिवार को महाराष्ट्र सरकार ने जल्द से जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। 

महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि मुंबई में तीन-चार स्थानों पर लोगों द्वारा पुलिस पर हमला करने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों, नर्स और सफाईकर्मियों के साथ पुलिसकर्मी सबसे आगे आकर कोविड-19 से मुकाबला कर रहे हैं और उनपर हमला किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि वह पहले ही मुंबई के पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से इस मुद्दे पर बात कर तुरंत कार्रवाई करने के लिए कह चुके हैं। 

देसाई ने कहा, "हमारी पुलिस वहां के लोगों से लॉकडाउन के नियमों का पालन करने के लिए कह रही थी। लेकिन मुंबई के तीन से चार स्थानों पर कुछ लोगों ने हमारे पुलिस कर्मचारियों पर हमला किया।" उन्होंने कहा कि पुलिस के पास घटनाओं की फुटेज है और हमलावरों की पहचान कर ली गई है। मंत्री ने कहा, "मैंने उनसे (पुलिस आयुक्त से) कहा है कि किसी भी परिस्थिति में पुलिस पर हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।"

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।