Saturday, March 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में साइबर फ्रॉड चुटकियों का खेल? एक्ट्रेस तक हो गई शिकार, जानें ठग क्या तरीका कर रहे इस्तेमाल

मुंबई में साइबर फ्रॉड चुटकियों का खेल? एक्ट्रेस तक हो गई शिकार, जानें ठग क्या तरीका कर रहे इस्तेमाल

Reported By : Rajiv Singh Edited By : Sudhanshu Gaur Published : Mar 07, 2023 06:23 pm IST, Updated : Mar 07, 2023 06:23 pm IST

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी ने अनुसार 27 फरवरी से 5 मार्च तक अकेले मुंबई शहर में KYC अपडेट के नाम पर साइबर ठगी के 60 मामले दर्ज करवाए गए हैं, जिनमें रकम लाखों में पहुंच चुकी है। सभी मामलों में एक अनोखी बात यह भी देखी गई की यह फ्रॉड HDFC बैंक के नाम पर किया जा रहा है।

Mumbai, Maharashtra, Cyber ​​Fraud, Cyber ​​Crime- India TV Hindi
Image Source : FILE मुंबई में साइबर फ्रॉड चुटकियों का खेल?

मुंबई: देश में पिछले कुछ समय से साइबर फ्रॉड की बाढ़ से आ गई है। साइबर ठगों के जाल में आम आदमी से लेकर ख़ास आदमी हर कोई फंस रहा है। यह ठग इतने शातिर तरीके से ठगी को अंजाम देते हैं कि आपको भनक तक नहीं लगती। आपको ठगे जाने का एहसास जब होता है तब तक आपका नुकसान हो चुका होता है। पुलिस भी इन साइबर अपराधियों के आगे बेबस नजर आ रहे हैं। तमाम कोशिशों और प्रयासों के बाद भी इन पर लगाम नही लग पा रही है। इन साइबर ठगों से हर कोई परेशान है।

इसी तरह मुंबई पुलिस के लिए बीते 15 दिनों से एक सायबर फ्रॉड गैंग सर दर्द बना हुआ है। इस गैंग ने बीते 15 दिनों में कितने लोगों से ठगी की है उसका आंकड़ा अभी तक पुलिस के पास मौजूद नहीं है, लेकिन अभी तक 60 लोगो ने ठगी की FIR दर्ज कराई है। FIR दर्ज कराने वालों में आम लोगों से लेकर एक अभिनेत्री तक शामिल है। इसके साथ ही पुलिस ने 300 ऐसे मोबाइल नम्बर डिटेक्ट किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया। हालंकि पुलिस कह रही है कि मुंबई में लाखों लोगों  को ठगी का मैसेज भेजा गया है। ऐसे में पुलिस ने बाकायदा इससे बचने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है और लोगों से अपील की है कि ठगी का शिकार हुए ज्यादा से ज्यादा लोग इसकी शिकायत दर्ज कराएं। 

क्या है फ्रॉड करने का नया तरीका?

दरअसल KYC अपडेट के नाम पर हो रही इस ठगी में अपराधी सबसे पहले लोगों को SMS के माध्यम से यह संदेश भेजते हैं की उनका PAN कार्ड और KYC अपडेट न होने के कारण उनका बैंक अकाउंट बंद होने वाला है। अगर वे इससे बचना चाहते हैं तो SMS में दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट करवाएं। ऐसे में जब नागरिक दिए लिंक पर क्लिक करते हैं तो वह एक नकली ऑनलाइन बैंक पोर्टल पर पहुंच जाते हैं। जहां OTP, बैंक खातों की जानकारी समेत अन्य डिटेल्स भारे जाने को कहा जाता है। ऐसा करते ही ग्राहकों के बैंक खाते से हजारों लाखों की रकम साफ हो जाती है।

आप घबराए और खाते से गायब हुए रुपए  

ऐसा ही कुछ हुआ मुंबई की रहने वाली श्वेता मेनन के साथ। श्वेता पेशे से एक टीवी कलाकार हैं। उन्हें दो मार्च की तारीख को एक एसएमएस प्राप्त हुआ जिसमें उन्हें KYC अपडेट न करने पर बैंक खाते बंद होने का डर दिखाया गया। हड़बड़ाहट में श्वेता वही गलती कर बैठी जो उन्हें नहीं करनी थी। लिंक पर क्लिक करने की गलती से श्वेता को 57,636 बड़ा नुकसान झेलना पड़ा।

सिर्फ HDFC बैंक के ग्राहकों को बनाया जा रहा शिकार 

लेकिन श्वेता ऐसी अकेली नहीं हैं, जी इस तरह से ठगी का शिकार हुई हैं। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी ने अनुसार 27 फरवरी से 5 मार्च तक अकेले मुंबई शहर में KYC अपडेट के नाम पर साइबर ठगी के 60 मामले दर्ज करवाए गए हैं जिनमें रकम लाखों में पहुंच चुकी है। सभी मामलों में एक अनोखी बात यह भी देखी गई की यह फ्रॉड HDFC बैंक के नाम पर किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस इस बात की जांच भी कर रही है की कहीं ग्राहकों का डाटा ठगों तक पहुंचने में कहीं बैंक के किसी कर्मचारी का हाथ तो नहीं? फिलहाल पुलिस को आरोपियों की तलाश है और वे नहीं चाहते की कोई दूसरा नागरिक अब ठगी का शिकार हो ऐसे में पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दी है।

ठगों तक पहुंचना नहीं है आसान 

इस गैंग तक पहुंचना आसान नहीं है। सायबर सेल की एक टीम बनाई गई है, जिसमे अभी तक 300 मोबाइल नम्बर की पहचान हुई है। हालांकि इन नम्बरों की संख्या हजारो में हो सकती है क्योंकि लाखों लोगों को ये मेसेज आ रहे है। गैंग कहां से ऑपरेट हो रही है? कितने लोग इसमे शामिल हैं? ये अभी कहना मुश्किल है लेकिन ये गैंग एक पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

सायबर सेल के मुताबिक 2021 के मुकाबले मुंबई शहर में साइबर अपराध में 70 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। जहां 2022 के नवंबर महीने तक शहर भर में 4286 साइबर फ्रॉड मामले दर्ज किए गए, जिनमें 1294 क्रेडिट कार्ड फ्रॉड और 2216 ऑनलाइन खरीदी के फ्रॉड दर्ज हुए। इन कुल 4286 मिली शिकायतों में केवल 279 ही सुलझाए जा सके हैं। ये दिखाता है कि सायबर गैंग किस तरह से सक्रिय है। बढ़ते साइबर मामलों और मामलों के सुलझाने में कमी को देख यही कहा जा सकता है की ठगी से बचने का सबसे असरदार तरीका यही होगा कि नागरिक जागरूक और सतर्क रहें वरना उन्हें एक बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement