1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. एकनाथ शिंदे के बाद रवि राणा भी अयोध्या जाएंगे, कांग्रेस भी कूच की तैयारी में जुटी

एकनाथ शिंदे के बाद रवि राणा भी अयोध्या जाएंगे, कांग्रेस भी कूच की तैयारी में जुटी

 Reported By: Yogendra Tiwari
 Published : Apr 08, 2023 11:36 am IST,  Updated : Apr 08, 2023 12:38 pm IST

अब महाराष्ट्र के नेता अयोध्या को अपनी राजनीति का केंद्र बिन्दु बना रहे हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बाद जहां निर्दलीय विधायक रवि राणा अयोध्या जा रहे हैं वहीं कांग्रेस भी अयोध्या कूच करने की तैयारी कर रही है।

एकनाथ शिंदे- India TV Hindi
एकनाथ शिंदे Image Source : पीटीआई

मुंबई : भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या सियासत का केंद्र बिन्दु बनी हुई है। लंबे समय तक राम मंदिर को लेकर आंदोलन और कोर्ट के फैसले के बाद भी राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। अब महाराष्ट्र के नेता अयोध्या को अपनी राजनीति का केंद्र बिन्दु बना रहे हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बाद जहां निर्दलीय विधायक रवि राणा अयोध्या जा रहे हैं वहीं कांग्रेस भी अयोध्या कूच करने की तैयारी कर रही है।

हनुमान गढ़ी मन्दिर की मिट्टी लाने के लिए खास रथ तैयार

महाराष्ट्र विधानसभा में निर्दलीय विधायक रवि राणा अयोध्या जा रहे हैं जहां सीएम एकनाथ शिन्दे और महंत राजू दास के हाथों उन्हें हनुमान गढ़ी मन्दिर की मिट्टी दी जाएगी। इस मिट्टी को लाने के लिए एक खास रथ भी तैयार किया गया है जिसे भक्ति शक्ति मंगल रथ नाम दिया गया है। इस रथ को सीएम एकनाथ शिन्दे झंडी दिखाकर अमरावती के लिए रवाना करेंगे। यह रथ सीधे अमरावती जाने की बजाय विभिन्न राज्यों से हनुमान मंदिरों की पवित्र मिट्टी एकत्रित करते हुए अमरावती पहुंचेगा।

111 फुट ऊंची ऊंची हनुमान मूर्ति का शिलान्यास 

इस मिट्टी के जरिये रवि राणा और उनकी सांसद पत्नी नवनीत राणा द्वारा घोषित 111 फुट ऊंची ऊंची हनुमान मूर्ति का शिलान्यास किया जाएगा। अयोध्या में रवि राणा के इस कार्य के मद्देनजर जमकर तैयारी की गई है। कई जगहों पर स्वागत की भी तैयारी है। जगह-जगह फ्लेक्स पोस्टर भी लगाए गए है

अयोध्या कूच की तैयारी में कांग्रेस

उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस में भी अयोध्या कूच करने की तैयारी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र से, जल्द ही कांग्रेस के बड़ी तादाद में कांग्रेस के कार्यकर्ता अयोध्या जाएंगे। नाना पटोले ने कहा कि अयोध्या के संतों ने उन्हें निमंत्रण दिया है। अयोध्या के संतो ने उन्हें बताया है कि राजीव गांधी गांधी ने इसकी शुरुआत की थी इसलिए कांग्रेस का ज्यादा अधिकार इस पर बनता है।  पटोले ने कहा-बड़ी तादाद में हमारे कांग्रेसियों को लेकर और आम जनता भी इसमें शामिल रहेगी। पार्टी के कार्यकर्ता, विधायक सभी मिलकर अयोध्या जाएंगे।

कांग्रेस ने हमेशा सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया-नाना पटोले

नाना पटोले ने कहा कि अयोध्या राजनीति का केंद्र बिंदु नहीं बन सकता। यह लोगों की आस्था है और आस्था को राजनीति में नहीं लगाया जा सकता। कांग्रेस ने यह काम नहीं किया है। कांग्रेस ने हमेशा सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया है।  हमारे देश की आस्था रहे , भगवान श्रीराम देश की आस्था रहे हैं, आस्था आस्था है और उसका सम्मान होना चाहिए, आस्था की राजनीति करने वाले गलत लोग होते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।