1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Ajit Pawar Plane Crash LIVE: कल होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित

Ajit Pawar Plane Crash LIVE: कल होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Updated : Jan 28, 2026 11:05 pm IST

Ajit Pawar Plane Crash LIVE: महाराष्ट्र के डिप्टी CM और NCP के प्रमुख अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की सियासत में हड़कंप मच गया है। अजित के निधन पर पीएम मोदी समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने दुख जताया है।

Ajit Pawar- India TV Hindi
अजित पवार का प्लैन क्रैश Image Source : ANI/REPORTER INPUT

बारामती: महाराष्ट्र के बारामती जिले में बहुत बड़ा हादसा हुआ । यहां राज्य के डिप्टी CM और NCP के प्रमुख अजित पवार का विमान क्रैश हो गया । इस विमान क्रैश में अजित पवार का निधन हो गया है। DGCA ने इस विमान क्रैश में सभी 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। इस घटना ने महाराष्ट्र की सियासत में हड़कंप मचा दिया है। घटना से अजित पवार के समर्थकों में उदासी छा गई है। अजित पवार का अंतिम संस्कार कल बारामती में होगा। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स....

Ajit Pawar Plane Crash

Auto Refresh
Refresh
  • 10:21 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    ममता मानसिक रूप से पंगु हो गई हैं: चंद्रशेखर बावनकुले

    महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने ममता बनर्जी पर टिप्पणी करते हुए कहा, “वह मानसिक रूप से पंगु हो गई हैं। आज इस तरह की राजनीति करने का दिन नहीं है। मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन उन्हें महाराष्ट्र को इस तरह बदनाम नहीं करना चाहिए। मुझे लगता है कि महाराष्ट्र की जनता उन्हें इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी।”

  • 8:22 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में रखा जाएगा

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पार्थिव शरीर को बारामती अस्पताल से ले जाया जा रहा है। उनके पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में रखा जाएगा।

  • 6:55 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    अजित पवार की मौत एक हादसा, राजनीति ना हो-शरद पवार

    अजित पवार की मौत पर शरद पवार का पहला बयान आया है। उन्होंने कहा कि यह एक हादसा है, इस पर राजनीति ना हो।

  • 6:04 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    सुप्रिया सुले बारामती में मौजूद

    NCP-SCP सांसद और अजित पवार की चचेरी बहन सुप्रिया सुले बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में मौजूद हैं। आज सुबह बारामती में एक चार्टर प्लेन की क्रैश लैंडिंग में निधन हो गया। कल उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 5:22 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    राज ठाकरे बारामती के लिए अपने घर दादर शिवतीर्थ से निकले

    महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के सुप्रीमो राज ठाकरे बारामती जाने के लिए अपने घर दादर शिवतीर्थ से निकले। वे बारामती में अजित पवार के परिजनों से मिलेंगे। कल सुबह अजित पवार का अंतिम संस्कार होगा। 

  • 5:19 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    राज्यपाल, सीएम फडणवीस, एकनाथ शिंदे सुनेत्रा पवार से मिले, सांत्वना दी

    राज्यपाल आचार्य देवव्रत के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बारामती में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पार्थिव के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। आज सुबह बारामती में विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया।

  • 4:39 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    एनसीसी की रैली में पीएम मोदी अजित पवार को किया याद, जताया शोक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनसीसी कैडेट की रैली में विमान हादसे में अजित पवार की मौत का जिक्र किया और शोक जताया। उन्होंने कहा कि अजित दादा ने महाराष्ट्र और देश के विकास में अपना बड़ा योगदान दिया। खासतौर से गांवों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए आगे बढ़कर उन्होंने काम किया है। मैं अजित जी के परिवार के प्रति संवेदना व्य़क्त करता हूं। इस पीड़ा की घड़ी में हम सभी उनके साथ है। 

     

  • 4:25 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    ये विश्वास नहीं हो रहा कि अजित पवार नहीं रहे-राम मोहन नायडू

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने अजित पवार के निधन पर कहा, " बहुत दुख की बात है। अभी भी हम इसे स्वीकार नहीं पा रहे हैं कि वो नहीं रहे। कोई भी इस पर विश्वास नहीं कर पा रहा है। वे जमीन से जुड़े हुए नेता थे।सुबह से ही जबसे ये घटना हुई है, तब से DGCA और AAIB को अलर्ट किया गया है और उनके अधिकारियों को यहां मौके पर भेजने के लिए कहा गया है। साथ ही यहां की पुलिस को भी बता दिया गया है कि वे मौके की फेंसिंग करें ताकि जांच के लिए जिस तरह की परिस्थितियां चाहिए वो बन सकें।

  • 3:54 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    राज्यपाल आचार्य देवव्रत, सीएम फडणवीस और एकनाथ शिंदे बारामती पहुंचे

    महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बारामती एयरपोर्ट पहुंचे। वे बारामती में अजित पवार को श्रद्धांजलि देंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे। आज सुबह बारामती में एक चार्टर प्लेन की क्रैश लैंडिंग में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया।

  • 3:44 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    अजित पवार के पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड ले जाया जा रहा

     महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड ले जाया जा रहा है, ताकि लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। उनका अंतिम संस्कार कल सुबह 11 बजे किया जाएगा।

     

     

  • 3:37 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने हादसे की जांच की मांग की

    राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने इस हादसे की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, "हम इस हादसे की जांच की मांग करते हैं। यह बहुत दुखद घटना है। अजीत पवार की असमय मौत हो गई। एक मेहनती इंसान के चले जाने से हम सब सदमे में हैं। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं।"

  • 3:33 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी ने शरद पवार से बात की, निधन पर जताया शोक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार से बात की। अजित पवार के निधन पर जताया गहरा शोक। पीएम मोदी कल अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने बारामती आएंगे। आज सुबह बारामती में एक विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया।

  • 3:27 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    कल सुबह होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार

    एनसीपी नेता अजित पवार का अंतिम संस्कार कल सुबह 11 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

  • 3:00 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार और अजित पवार के बेटे पार्थ पवार बारामती पहुंचे

    अजित पवार के निधन के बाद बड़े नेताओं का बारामती पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस बीच सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार और अजित पवार के बेटे पार्थ पवार बारामती पहुंचे।

  • 2:24 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    शरद पवार के साथ उनकी पत्नी प्रतिभा पवार भी बारामती में मौजूद

    शरद पवार के साथ उनकी पत्नी प्रतिभा पवार भी बारामती पहुंची हैं।

  • 1:54 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    शरद पवार बारामती पहुंचे

    अजित पवार के चाचा शरद पवार बारामती पहुंच गए हैं।

  • 1:42 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    अजित पवार के साथ विमान में कौन-कौन था?

    1. अजित पवार – उपमुख्यमंत्री
    2. विंदिप जाधव – बॉडीगार्ड
    3. पिंकी माळी – केबिन क्रू
    4. सुमित कपूर – कैप्टन
    5. शांभवी पाटिल – कैप्टन
  • 1:22 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    अजित पवार के प्लेन क्रैश का CCTV VIDEO सामने आया

    बारामती: महाराष्ट्र के बारामती में हुए प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान, आग का गोला बनते हुए दिख रहा है। 

  • 12:53 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    ममता बनर्जी ने प्लेन क्रैश पर उठाए सवाल

    ममता बनर्जी ने प्लेन क्रैश पर सवाल उठाए हैं और कहा है  कि प्लेन हादसे की जांच करवाई जाए। अजित पवार, शरद पवार की पार्टी में लौटने वाले थे।

  • 12:38 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    अजित पवार के शव की पहचान कैसे हुई?

    सूत्रों के मुताबिक, अजित पवार के शव की पहचान उनकी घड़ी से हुई।

  • 12:21 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    अजित पवार के पार्थिव शरीर को बारामती अस्पताल लाए जाने पर भारी भीड़ उमड़ी

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार के पार्थिव शरीर को बारामती अस्पताल लाए जाने पर भारी भीड़ उमड़ी। इसका वीडियो भी सामने आया है।

     

  • 12:01 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित, सीएम फडणवीस ने जताया शोक

    अजित पवार के निधन की वजह से महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। सीएम फडणवीस ने उनके निधन पर शोक भी व्यक्त किया है।

  • 11:44 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सीएम और मैं बारामती जा रहे हैं: एकनाथ शिंदे

    डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह और सीएम फडणवीस बारामती जा रहे हैं। बारामती वही जगह है, जहां विमान क्रैश हुआ है।

     

  • 11:38 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    एकनाथ शिंदे ने अपने सहयोगी अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने सहयोगी अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "यह महाराष्ट्र के लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण दिन है। यह मेरे और पूरे महाराष्ट्र के लिए एक दुखद घटना है। अजित दादा अपने वचन के पक्के थे। जब मैं मुख्यमंत्री था और वे उपमुख्यमंत्री थे, तब हमने एक टीम के रूप में काम किया। एक टीम के रूप में हमने लाडली बहन योजना शुरू की थी और अजीत दादा ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।"

     

  • 11:35 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    अजित पवार के समर्थकों का नागपुर में रो-रो के बुरा हाल, बारामती के लिए सड़क मार्ग, रेल, फ्लाइट से निकले

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की हवाई दुर्घटना में मृत्यु की खबर के बाद नागपुर के सभी कार्यकर्ता पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के घर पर पहुंच रहे हैं। अजित पवार के समर्थक कुछ फ्लाइट से पुणे होते हुए बारामती की तरफ निकल रहे हैं, तो कुछ मुंबई से बारामती की तरफ निकल रहे हैं। जिनको फ्लाइट में जगह नहीं मिली, वह सड़क मार्ग से ही बारामती के लिए निकल गए हैं।

  • 11:26 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    हादसे वाली जगह पर 3 शव बरामद, हॉस्पिटल भेजा गया लेकिन अब तक किसी की पहचान नहीं हो सकी

    पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बारामती में हुए विमान हादसे की जानकारी दी है। संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर तीन शव मिले हैं। हादसे में विमान को भारी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना स्थल पर मिले तीनों शवों को अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार अभी तक किसी की भी पहचान नहीं हो पाई है।

     

  • 11:19 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    अजित पवार के निधन पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और गिरिराज सिंह?

    अजित पवार के निधन पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "आज हम सभी शोक में हैं। वे मेरे घनिष्ठ मित्र और महाराष्ट्र के एक दिग्गज नेता थे।"

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "अजित पवार का निधन दुर्भाग्यपूर्ण है। वे राजनीति में मेरे घनिष्ठ मित्र थे और हमारे पारिवारिक संबंध भी थे। उनका देहांत एक बड़ी क्षति है। पार्टी की ओर से मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के असामयिक निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के प्रति समर्पित रहे। वे जनता के प्रति अपनी करुणा और लोकसेवा के प्रति अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।"

    केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। खबरें आ रही हैं कि अजित पवार भी विमान में सवार थे। अगर यह सच है, तो यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण दिन है। यह दिल दहला देने वाली घटना है। ईश्वर पीड़ित परिवारों को शक्ति प्रदान करें। वे न केवल महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे, बल्कि देश के एक जाने-माने राजनेता भी थे। यह एक अपूरणीय क्षति है।"

  • 11:15 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने व्यक्त की संवेदना

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "विमान दुर्घटना में श्री अजीत पवार के दुखद निधन की खबर अत्यंत स्तब्ध और बेहद दुखद है। एक ऐसे नेता का असमय देहांत देहांत है जिनका राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल था। इस कठिन घड़ी में शोक संतप्त परिवार जिस अपार दुःख से गुजर रहा होगा, उसे शब्दों में बयां करना असंभव है। मैं पवार परिवार, उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। महाराष्ट्र की जनता की विभिन्न संवैधानिक पदों पर सेवा करने वाले श्री अजीत पवार को एक ऐसे कुशल राजनीतिज्ञ के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने अपनी जनता के प्रति अपने दायित्वों को ईमानदारी और बुद्धिमत्ता से निभाया। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

     

  • 11:13 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी जताया शोक

    अजित पवार के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान सामने आया है। राहुल ने कहा, "महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी और उनके सहयात्रियों की आज हवाई जहाज दुर्घटना में निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस शोक के पल में महाराष्ट्र की जनता के साथ हूं। समस्त पवार परिवार और प्रियजनों को इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"

  • 11:12 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का सामने आया बयान, जताया दुख

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मैं पूरे पवार परिवार और उनके समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैंने अजित पवार की पत्नी और सुप्रिया सुले से बात की है।"

  • 11:09 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने जताया दुख

    यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम श्री अजीत पवार जी का विमान दुर्घटना में निधन, अत्यंत दुःखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि !"

  • 11:04 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    चट्टान से टकराने के बाद प्लेन में आग लगी

    मिली जानकारी के मुताबिक, जो प्लेन क्रैश हुआ, उसमें चट्टान से टकराने के बाद आग लगी। चट्टान से टकराकर प्लेन के कई टुकड़े हुए। प्लेन लैंडिग के वक्त चट्टान से टकराया।

     

  • 11:01 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का सामने आया बयान

    शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर कहा, "हमारे आपसी मतभेद रहे हैं मगर उनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला है। मैं अजीत पवार जी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहूंगी। वे महाराष्ट्र के एक अच्छे नेता थे। उनका इस तरह जाना बहुत दर्दनाक है।"

  • 10:58 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    यूपी के सीएम योगी ने भी घटना पर शोक जताया

    यूपी के सीएम योगी ने भी घटना पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी एवं अन्य सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

  • 10:54 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    मायावती ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया

    यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मायावती ने कहा, "महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री तथा महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेताओं में से एक नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नेता श्री अजित पवार जी का आज बारामती में विमान हादसा में हुई मौत अति-दुखद। उनके परिवार तथा उनकी पार्टी के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।"

  • 10:41 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पीएम मोदी ने अजित पवार के निधन पर दुख जताया

    पीएम मोदी ने अजित पवार के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुखद विमान हादसे से मैं बहुत स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है। इस गहन शोक की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और साहस प्रदान करने के लिए मैं प्रार्थना करता हूं।"

    पीएम मोदी ने कहा, "श्री अजीत पवार जी जननेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले एक कर्मठ व्यक्ति के रूप में उनका व्यापक सम्मान था। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों एवं वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून भी सराहनीय था। उनका असामयिक निधन अत्यंत स्तब्ध और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।

  • 10:39 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने जताया दुख

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, "अजित पवार के अचानक निधन से मैं अत्यंत स्तब्ध हूं! महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और उनके सहयात्रियों की आज सुबह बारामती में एक भयावह विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई है, और मुझे गहरा शोक का अनुभव हो रहा है। उनके परिवार, उनके चाचा शरद पवार जी सहित, और स्वर्गीय अजित जी के सभी मित्रों और अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस घटना की उचित जांच होनी चाहिए।"

  • 10:27 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कैसे हुआ हादसा? विमान हादसे से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई

    • घटना का समय: आज सुबह (28 जनवरी, 2026) लगभग 8:45 बजे।
    • स्थान: बारामती एयरपोर्ट, पुणे जिला, महाराष्ट्र।
    • विमान का प्रकार: निजी चार्टर प्लेन।
    • मुख्य यात्री: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार इस विमान में सवार थे।

    घटनाक्रम और वर्तमान स्थिति

    • दुर्घटना का कारण: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान मुंबई से बारामती की ओर जा रहा था। लैंडिंग के समय तकनीकी खराबी आने के कारण पायलट ने नियंत्रण खो दिया, जिससे विमान रनवे से फिसल गया और उसमें आग लग गई।
    • ताजा रिपोर्ट: वर्तमान में स्थिति अत्यंत गंभीर है। अपुष्ट खबरों के अनुसार, इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनके साथ सवार 3 अन्य लोगों की मृत्यु की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन या राज्य सरकार ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
    • राहत कार्य: स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। एयरपोर्ट के चारों ओर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और फिलहाल हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रोक दी गई हैं।

    प्रेस के लिए महत्वपूर्ण बिंदु 

    * यात्रा का उद्देश्य: अजित पवार आगामी जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे।
    * जांच के आदेश: नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
    * आधिकारिक प्रतिक्रिया: राज्य मंत्रिमंडल की एक आपातकालीन बैठक बुलाई जा सकती है।

     

  • 10:24 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम फडणवीस से बात की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने अजित पवार के हादसे मामले की जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात की है।

  • 10:23 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सुप्रिया सुले, पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार, शरद पवार के घर से निकले

    सुप्रिया सुले, पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार, शरद पवार के घर से निकल चुके हैं। पवार फैमिली के सभी सदस्य एयरपोर्ट के लिए निकल चुके हैं।

  • 10:05 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    विमान में कौन-कौन सवार था? 5 लोगों की मौत की पुष्टि

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, 2 और लोगों (1 PSO और 1 अटेंडेंट) और 2 क्रू (PIC+FO) सदस्यों के साथ विमान में सवार थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान में सवार कोई भी व्यक्ति इस दुर्घटना में जीवित नहीं बचा है। DGCA ने इस बात की पुष्टि की है। यानी कुल 5 लोगों की मौत हुई है।

  • 10:03 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    एडवोकेट नितिन सतपुते ने विमान हादसे की सीबीआई जांच की मांग की

    एडवोकेट नितिन सतपुते ने विमान हादसे पर बयान दिया है और कहा है कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना की आशंका संदिग्ध है। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और मानवाधिकार आयोग द्वारा इसकी जांच की जानी चाहिए कि क्या विमान जानबूझकर दोषपूर्ण रखा गया था, या कोई तकनीकी खराबी थी, या कोई राजनीतिक साजिश थी? सीबीआई द्वारा इसकी जांच की जानी चाहिए।

  • 9:59 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    प्लेन क्रैश कब हुआ?

    प्लेन क्रैश तब हुआ, जब अजित पवार का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था। विमान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका है।

  • 9:52 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन, PTI के हवाले से खबर

    प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। PTI के हवाले से ये खबर सामने आई है।

  • 9:44 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    DGCA ने पहले 6 लोगों की मौत की पुष्टि की, बाद में 5 लोगों की मौत की बात सामने आई

    विमान हादसे में DGCA ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। इस विमान हादसे का जो वीडियो सामने आया है, उसमें सब कुछ जला हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि बाद में DGCA ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

  • 9:43 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अजित पवार गंभीर रूप से घायल

    शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्लेन क्रैश में अजित पवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 

  • 9:42 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश

    महाराष्ट्र के बारामती जिले में राज्य के डिप्टी CM और NCP के प्रमुख अजित पवार का विमान क्रैश हो गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।