1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. "अगर कोई हम पर हमला करता है तो 'गोली' का जवाब 'गोला' से दिया जाएगा", नांदेड़ में बोले अमित शाह

"अगर कोई हम पर हमला करता है तो 'गोली' का जवाब 'गोला' से दिया जाएगा", नांदेड़ में बोले अमित शाह

 Published : May 26, 2025 05:37 pm IST,  Updated : May 26, 2025 05:50 pm IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भारतीय सेना की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया को एक खास संदेश दिया है।

नांदेड़ में बोलते हुए पीएम मोदी- India TV Hindi
नांदेड़ में बोलते हुए पीएम मोदी Image Source : X/AMITSHAH

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करके भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम की जमकर सराहना की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ' उन्होंने (पाकिस्तान) उरी पर हमला किया, हमने सर्जिकल स्ट्राइक से जवाब दिया। उन्होंने पुलवामा पर हमला किया, हमने हवाई हमले से जवाब दिया। फिर उन्होंने पहलगाम में हमला किया, हमने ऑपरेशन सिंदूर से जवाब दिया और उनके आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया।'

भुगतने होंगे गंभीर परिणाम

जनसभा में बोलते हुए अमित शाह ने आगे कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया को संदेश दिया है कि किसी को भी भारतीय सेना, उसके लोगों और उसकी सीमा को परेशान नहीं करना चाहिए। अन्यथा उन्हें परिणाम भुगतने होंगे। पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर कोई हम (भारत) पर हमला करता है, तो 'गोली' का जवाब 'गोला' से दिया जाएगा।'

शाह ने ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट का किया जिक्र

अमित शाह ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के साथ-साथ एक और ऑपरेशन चल रहा था। इसका नाम ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट है। छत्तीसगढ़ में इस ऑपरेशन के तहत हमारे सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस और बीएसएफ ने 5000 फीट की ऊंचाई पर नक्सलियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया और 31 नक्सलियों को मार गिराया। अब तक 36 और नक्सली मारे जा चुके हैं। कई ने आत्मसमर्पण किया और गिरफ्तार किए गए। हम 31 मार्च, 2026 तक इस देश से नक्सलवाद को खत्म कर देंगे।'

बालासाहेब ठाकरे पीएम मोदी को लगा लेते गले

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए बालासाहेब ठाकरा का भी नाम लिया। उन्होंने नांदेड़ जनसभा में कहा कि अगर बालासाहेब ठाकरे जीवित होते तो ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गले लगाते।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।