अमरावती के सौदागरपुरा इलाके की 19 वर्षीय फाजीला जबील मोहम्मद जुबेर की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। शादी के बाद वह नागपुर के गोरियानगर, मोमीनपुरा स्थित ससुराल में रह रही थी। परिजनों के अनुसार, फाजीला ने कई बार फोन कर अपने पिता और भाई को ससुराल में प्रताड़ित किए जाने की जानकारी दी थी।
पिता को किया था आखिरी फोन
15 मई को फाजीला ने अपने पिता को आखिरी बार फोन कर कहा था, “अब्बू मुझे जल्दी अमरावती ले जाओ।” कुछ ही देर बाद ससुराल पक्ष की ओर से सूचना दी गई कि उसे अटैक आया है। जब परिजन नागपुर पहुंचे तो फाजीला का शव सफेद कपड़े में लिपटा हुआ मिला और जल्द दफनाने की सलाह दी गई।
शव को नहलाते समय गले पर दिखे निशान
शव को अमरावती लाने के बाद नहलाते समय उसके गले पर चोट और निशान दिखाई दिए, जिससे परिजनों का शक और गहरा गया। इसके बाद सैकड़ों रिश्तेदार नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
कब्र खोदकर बाहर निकाला शव
17 मई को नायब तहसीलदार टीना चव्हाण और अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। जिला सामान्य अस्पताल में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में गला दबाने या दम घुटने की आशंका जताई गई है।
'मृतका पर गलत नजर रखता था देवर'
मृतका के भाई ने शिकायत में बताया कि आरोपी देवर की पत्नी गर्भवती होने के कारण मायके गई हुई थी। इसी दौरान देवर मृतका पर गलत नजर रखता था। इस संबंध में मृतका ने फोन पर अपने भाई को जानकारी दी थी।
पति, देवर और ससुर के खिलाफ केस दर्ज
मामले में तहसील पुलिस स्टेशन, नागपुर में मृतका के भाई की शिकायत पर पति मोहम्मद जुबेर, देवर मोहम्मद इरफान मोहम्मद जलील और ससुर मोहम्मद जलील उर्फ संजू पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट- माया डोलस)
यह भी पढ़ें-