महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। लव स्टोरी का राज न खुले, इसके लिए एक छात्र का अपहरण किया गया। पुलिस ने करियर एकेडमी के संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
उसी संस्थान में पढ़ रही थी छात्रा
ये पूरा मामला सिल्लोड के हिंदवी करियर एकेडमी का है। सूत्रों के मुताबिक, एकेडमी के संचालक दशरथ जाधव का प्रेम संबंध उसी संस्थान में प्रशिक्षण ले रही एक छात्रा से था। इस राज को छुपाने के लिए जाधव ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर एक छात्र का अपहरण कर लिया। अपहृत छात्र का नाम है अमोल गजानन मख है।
छात्र के पास लव स्टोरी से जुड़ी वॉइस रिकॉर्डिंग थी
दरअसल, अमोल ही वह शख्स था, जिसने संचालक और छात्रा के बीच के रिश्ते की शुरुआत कराई थी। इतना ही नहीं अमोल के पास इस प्रेम कहानी से जुड़े वॉइस रिकॉर्डिंग और अन्य सबूत भी थे। जाधव को डर था कि अगर यह राज खुला तो उसकी बदनामी होगी। इसी डर से उसने अपहरण की साजिश रची।
पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए संचालक दशरथ जाधव, कृष्णा जगताप, गणेश चव्हाण और प्रवीण राठौड़ इन चारों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद सिल्लोड और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।
रिपोर्टर देव राजाले