1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अगले महीने मुंबई के लोगों को मिलेगी खास सौगात, सीएम शिंदे ने कहा- जल्द मिलेगा ट्रैफिक से छुटकारा

अगले महीने मुंबई के लोगों को मिलेगी खास सौगात, सीएम शिंदे ने कहा- जल्द मिलेगा ट्रैफिक से छुटकारा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 14, 2024 07:35 am IST,  Updated : Jun 14, 2024 07:35 am IST

एकनाथ शिंदे चाहते थे कि बारिश शुरू होने से मुंबई कोस्टर हाइवे का दूसरा फेज शुरू हो जाए। इससे आम लोगों को ट्रैफिक से राहत मिलेगी। हालांकि, अब तक यह शुरू नहीं हो पाया है।

Eknath Shinde- India TV Hindi
एकनाथ शिंदे Image Source : PTI

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार रात मुंबई कोस्टल हाइवे का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वह सड़क के निर्माण से खुश हैं और जुलाई तक काम पूरा होने के आसार हैं। अगर जुलाई में मुंबई कोस्टल हाइवे का दूसरा चरण पूरा हो जाता है तो मुंबई के लोगों को ट्रैफिक से छुटकारा मिलेगा। मुंबई कोस्टल हाइवे का काम चार चरण में किया जा रहा है। पहला चरण पूरा हो चुका है। दूसरे चरण का का काम भी अंतिम पड़ाव पर है। 

कोस्टल हाइवे में फिलहाल वाहनों की आवाजाही बंद है। हालांकि, सीएम शिंदे के वाहनों को हाइवे में जाने की खास छूट दी गई थी। हाइवे का निरीक्षण करने के बाद एकनाथ शिंदे  ने कहा  "मैं कोस्टल हाइवे को देखकर बहुत खुश हूं। यह सी लिंक के साथ जुड़ेगा। 22 जुलाई तक हाइवे को सी लिंक से जोड़ने वाला हिस्सा भी बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके बाद लोगों को ट्रैफिक से राहत मिलेगी।"

बीएमसी की सबसे महंगी परियोजनाओं में से एक

मुंबई कोस्टल रोड बीएमसी की सबसे महंगी परियोजनाओं में से एक है। इसकी लागत 12700 करोड़ रुपये के करीब है। यह कोस्टल हाइवे 10.85 किलोमीटर लंबा है और इसमें कुल 8 लेन हैं, जिस हिस्से में सुरंग है, वहां 6 लेन हैं। हालांकि, अब तक सभी लेन आम लोगों के लिए नहीं खोले गए हैं। इस हाइवे के जरिए मरीन ड्राइव से हाजी अली 7 मिनट में पहुंचा जा सकता है। फिलहाल मरीन ड्राइव से हाजी अली का रास्ता 20-25 मिनट का है। 

7-11 बजे तक खुलेगा हाइवे

इस हाइवे में अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। इस वजह से प्रशासन ने इसे रात में 11 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रखने का फैसला किया है। इस दौरान इस परियोजना का बचा हुआ कार्य किया जाएगा। आम लोगों के लिए यह रास्ता सिर्फ सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।